Breaking News

सूरजपुर@ बिहारपुर से ओड़गी तक स्वास्थ्य केंद्रों की हकीकत पर सीएमएचओ की नजर,औचक निरीक्षण में दिया सख्त निर्देश

Share


दवाइयों,जांच,साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा,राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा,शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने कहा
-संवाददाता-
सूरजपुर,26 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)
। जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति को परखने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने बिहारपुर क्षेत्र से लेकर ओड़गी तक स्वास्थ्य संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया,उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर महुली,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक दवाइयों, जांच सुविधाओं,साफ-सफाई, अभिलेखों तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी, उन्होंने अधिकारियों और कर्म चारियों से स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर-बिहारपुर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी ली,उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है,ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों के लिए उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार हैं,इसलिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए,सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुनियादी सुविधाओं पर नजर– निरीक्षण के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, सीएमएचओ ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए, इसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा, उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित व्यवस्था,दवाइयों की उप लब्धता,जांच सुविधाओं और साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सुरक्षित मातृत्व अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई,सीएमएचओ ने गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच,आवश्यक परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है,उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पात्र महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सायंकाल ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे सीएमएचओ- बिहारपुर क्षेत्र के निरीक्षण के बाद सीएमएचओ डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने सायंकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का भी औचक निरीक्षण किया, उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कक्षों का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखा गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए,ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीएमएचओ ने विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार समीक्षा की, उन्होंने कार्यक्रम प्रभारियों, सलाहकारों और पर्यवेक्षकों से निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अब तक हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी ली।
लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों की ली जानकारी-राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछा गया कि उन्हें जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उनके मुकाबले अब तक कितनी उपलब्धि हासिल की गई है,सीएमएचओ ने सभी कार्यक्रम प्रभारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए,उन्होंने शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभाव तभी दिखाई देगा,जब उनका लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे,उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने और जहां लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं हो रही है, वहां विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अस्पताल की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी-सीएमएचओ के लगातार आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर परखना और कमियों को समय रहते दूर करना है,बिहारपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर निरीक्षण के दौरान दवाइयों,जांच,साफ-सफाई,अभिलेख और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति देखी गई,वहीं ओड़गी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति को लक्ष्य के आधार पर परखा गया,इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है,बल्कि लक्षित सेवाओं की वास्तविक उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन भी जरूरी है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की रही मौजूदगी-निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव,खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.बंटी बैरागी, प्रभारी अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा,सीएमएचओ ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और संवेदन शीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था तथा राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जानी चाहिए,बिहारपुर से ओड़गी तक हुए इस आकस्मिक निरीक्षण में एक ओर जहां मरीजों को मिलने वाली बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को केंद्र में रखा गया, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की लक्ष्यवार प्रगति को लेकर भी अधिकारियों से जवाबदेही तय करने का संदेश दिया गया।


Share

Check Also

सोनहत/कोरिया@ सोनहत में आफत की बारिश : वनांचल जलमग्न,जर्जर सड़कों और टूटी पुलियों ने काटा मुख्यालय से संपर्क

Share सोनहत में बारिश की मारः पंडोपारा दलदल,कुरथी जलमग्न,गिधेर की टूटी पुलिया 12 साल से …

Leave a Reply