Breaking News

बलौदाबाजार@बलौदाबाजार में बाढ़ का कहर! पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन,28 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला

Share

बलौदाबाजार,26 सितम्बर 2026। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। ऐसे हालात में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। शनिवार को सिमगा, गिधपुरी और लवन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 28 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान गणेशपुर में फंसी 9 बकरियों का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। थाना सिमगा क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में अचानक बाढ़ का पानी भर जाने से 11 ग्रामीण फंस गए थे। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मोटर बोट एवं जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने अभियान चलाकर सभी 11 ग्रामीणों को उनके जरूरी सामान और घर में मौजूद 9 बकरियों सहित सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें राहत शिविर पहुंचाया। थाना गिधपुरी क्षेत्र के ग्राम बिजराडीह में लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया। यहां 4 अलग-अलग परिवारों के 17 लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलने पर गिधपुरी पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 17 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। थाना लवन क्षेत्र के ग्राम डोंगरीडीह में जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही लवन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
संवेदनशील इलाकों पर लगातार पुलिस और प्रशासन की नजर
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, राजस्व प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें जिले के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन का फोकस लोगों की जान-माल की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने पर है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और जलभराव के दौरान उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा 112 पर दें।


Share

Check Also

सोनहत/कोरिया@ सोनहत में आफत की बारिश : वनांचल जलमग्न,जर्जर सड़कों और टूटी पुलियों ने काटा मुख्यालय से संपर्क

Share सोनहत में बारिश की मारः पंडोपारा दलदल,कुरथी जलमग्न,गिधेर की टूटी पुलिया 12 साल से …

Leave a Reply