-संवाददाता-
रामानुजनगर,25 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना अंतर्गत नकली जेवर को असली बताकर ठगी करने का मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर की दुर्गावती सिंह समेत 5 महिलाओं के साथ 2 लाख 3 हजार 600 रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता दुर्गावती सिंह पति रूपेश सिंह्र 30 वर्ष ने थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि मार्च-अप्रैल 2026 के बीच ग्राम नारायणपुर निवासी रूपेश साहू और उसका पिता ललन साहू गांव-गांव में घूमकर सोना-चांदी बेचने आए थे। दुर्गावती को इन्होंने सोने का बड़ा लॉकेट 2 नग, छोटा लॉकेट 1 नग,चांदी की पायल 1 नग और चांदी की अंगूठी 1 नग दिया और असली बताकर 80 हजार रुपये ले लिए। घर आने के बाद संदेह की स्थिति बनी और सोनार को दिखाया तो सभी जेवर नकली निकले। जांच में पता चला कि आरोपियों ने सिर्फ दुर्गावती ही नहीं, बल्कि उसी गांव की मालती पति भुवनेश्वर से 21 हजार, चमेली सिंह पति सुरेंद्र से 16 हजार, सांता सिंह पति नरेंद्र से 47,200 और कलावती सिंह पति देव सिंह से 39,400 रुपये की ठगी नकली जेवर थमाकर की है। सभी को इसी तरह नकली जेवर असली के रेट पर थमाए गए थे। पीडि़ता के अनुसार आरोपियों ने शिवपुर, भुवनेश्वरपुर और बद्रिकाआश्रम के आसपास के कई गांवों में भी इसी तरह लोगों को ठगा है। रामानुजनगर पुलिस ने प्रार्थिया की शिकायत पर आरोपी रूपेश साहू और ललन साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) धोखाधड़ी और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur