Breaking News

कोरिया/बैकुंठपुर@ चक्रधर समारोह 2026 में कोरिया के आयुष नामदेव ने मचाई धूम,सुरों से जीता रायगढ़ का दिल

Share


बॉलीवुड सिंगर कविता कृष्णमूर्ति के साथ शानदार समापन,वित्त मंत्री ओपी चौधरी और सांसद देवेंद्र सिंह ने स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
-संवाददाता-
कोरिया/बैकुंठपुर,25 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित चक्रधर समारोह 2026 के समापन अवसर पर कोरिया जिले के युवा गायक आयुष नामदेव ने अपनी शानदार गायकी से ऐसी छाप छोड़ी कि रायगढ़ का पूरा पंडाल उनके सुरों से गूंज उठा, समारोह के समापन कार्यक्रम में आयुष ने अपनी आवाज और दमदार मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके साथ मशहूर बॉलीवुड गायिका कविता कृष्णमूर्ति की प्रस्तुति ने समारोह के समापन को खास बना दिया। आयुष के मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया,इसके बाद उन्होंने सूफी, गजल, बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों,पुराने-नए नगमों के साथ छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीत की विविधता का रंग बिखेरा,उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया और पूरा पंडाल उनके गीतों पर झूमता दिखाई दिया।
एक मंच पर संगीत की कई विधाओं का संगम-आयुष नामदेव की प्रस्तुति की खासियत यह रही कि उन्होंने अपनी गायकी में अलग-अलग संगीत विधाओं को शामिल किया,सूफियाना अंदाज से लेकर गजल,बॉलीवुड गीत और छत्तीसगढ़ी गीतों तक उन्होंने अपनी आवाज का अलग रंग प्रस्तुत किया,रायगढ़ में मौजूद संगीत प्रेमियों के लिए यह प्रस्तुति इसलिए भी खास रही कि एक ही मंच पर उन्हें अलग-अलग अंदाज के गीत सुनने का अवसर मिला,आयुष ने अपनी प्रस्तुति के दौरान मंच पर मौजूद दर्शकों से संवाद भी कायम रखा और गीतों के साथ माहौल को लगातार जीवंत बनाए रखा।
मंच पर मिला सम्मान-आयुष नामदेव की प्रस्तुति से प्रभावित होकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और धर्मजयगढ़ के सांसद देवेंद्र सिंह ने उन्हें मंच पर स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, यह सम्मान आयुष के लिए विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, चक्रधर समारोह जैसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुति देने और समारोह के समापन कार्यक्रम में सम्मानित होने से कोरिया जिले के संगीत प्रेमियों और उनके प्रशंसकों में भी उत्साह है।
सोशल मीडिया पर भी छाया आयुष का सुर-समारोह में आयुष की प्रस्तुति का असर मंच तक ही सीमित नहीं रहा, उनके कार्यक्रम के वीडियो और रील्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं,इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आयुष की प्रस्तुति से जुड़े वीडियो को दर्शकों द्वारा साझा किया जा रहा है,कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और इन्फ्लुएंसर्स द्वारा भी उनकी प्रस्तुति के वीडियो पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है,उपलब्ध जानकारी के अनुसार इन वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं और आयुष की गायकी की सराहना कर रहे हैं,सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रिया ने आयुष की इस प्रस्तुति को समारोह के मंच से आगे नए दर्शकों तक पहुंचाने का काम किया है।
कोरिया की प्रतिभा ने प्रदेश के मंच पर बनाई पहचान– चक्रधर समारोह 2026 में आयुष नामदेव की प्रस्तुति को कोरिया जिले की युवा प्रतिभा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, छोटे शहर और जिले से निकलकर प्रदेश के बड़े सांस्कृतिक मंच पर अपनी पहचान बनाना किसी भी कलाकार के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, आयुष ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से न केवल अलग-अलग संगीत शैलियों को एक साथ प्रस्तुत किया, बल्कि अपनी आवाज और मंचीय आत्मविश्वास से दर्शकों के बीच पहचान भी बनाई, समारोह में मिली सराहना और सम्मान ने उनकी संगीत यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है, चक्रधर समारोह 2026 के मंच से निकली आयुष नामदेव की आवाज अब सोशल मीडिया के जरिए भी नए श्रोताओं तक पहुंच रही है, कोरिया से रायगढ़ तक उनकी इस प्रस्तुति ने युवा कलाकारों की प्रतिभा और संभावनाओं को एक बार फिर सामने ला दिया है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ 40 लाख का सौदा,फर्जी दस्तावेज और आदिवासी जमीन… अब कर्मचारियों-अधिकारियों की भूमिका पर भी उठा सवाल

Share जमीन के खरीदार तक पहुंची पुलिस…अब ‘फर्जी कागज’ बनाने वालों की बारी? शिकायत से …

Leave a Reply