10 दिन की पूजा के बाद नम आंखों से गणपति को विदा, घड़ी चौक पर सजी झांकियों ने मोहा मन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दस दिनों तक घरों और पंडालों में पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार को गणपति बप्पा की विदाई हुई। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के विभिन्न गणेश पूजा समितियों ने प्रतिमाओं के साथ आकर्षक झांकियां निकालीं। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विसर्जन के लिए रवाना हुए। विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। दस दिनों तक साथ रहे विघ्नहर्ता को श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ विदाई दी। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति की ओर से घड़ी चौक पर विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की आरती और पूजन से हुई। इसके बाद विभिन्न गणेश पूजा समितियों की ओर से निकाली गई झांकियां घड़ी चौक पहुंचीं। समिति के सदस्यों ने झांकियों का स्वागत किया और भगवान गणेश का पूजन किया। आकर्षक सजावट और धार्मिक विषयों पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
बारिश के बीच भी दिखा उत्साह : शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश होती रही, इसके बावजूद विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। भक्तों ने नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए गणपति को विदाई दी। श्रद्धालुओं ने परिवार और शहर की सुख-समृद्धि की कामना के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा की कमान पुलिस के हाथ : विसर्जन जुलूस को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी गई। एसपी राजेश अग्रवाल, एएसपी, सीएसपी सहित पुलिस अधिकारी और जवान व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur