नर्सरी,हाउसिंग बोर्ड के मकान और पत्रकार भवन तक पहुंचने वाली सड़क जर्जर,ग्रामीणों ने मुरुम डालकर तत्काल मरम्मत की मांग की
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर/प्रतापपुर,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरमा स्थित उद्यान नर्सरी तक पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है,सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं,जो बारिश के बाद तालाबनुमा नजर आते हैं। ऐसे में इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों,नर्सरी के कर्मचारियों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। खोरमा नर्सरी के अलावा इसी क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड के रिहाइशी मकान और पत्रकार भवन भी स्थित हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी है, ग्रामीणों और कर्मचारियों के अनुसार मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है,लेकिन सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत को लेकर अब तक ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
बारिश में गड्ढे बन रहे तालाब-सड़क पर बने बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ता है, ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है,ग्रामीणों के अनुसार,यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है,उनका कहना है कि नर्सरी और आसपास के रिहाइशी क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग का महत्व सामान्य ग्रामीण सड़क से अधिक है।
निर्माण नहीं तो कम से कम मुरुम से हो मरम्मत- ग्रामीणों ने तत्काल राहत के तौर पर सड़क के गड्ढों में मुरुम डालकर समतलीकरण कराने की मांग की है, उनका कहना है कि यदि फिलहाल सड़क का स्थायी निर्माण या डामरीकरण संभव नहीं है तो गड्ढों को भरकर मार्ग को चलने लायक बनाया जा सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक मामूली मरम्मत से भी फिलहाल आवागमन की समस्या कम की जा सकती है और संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।
बदलते रहे जिम्मेदार,सड़क की हालत जस की तस-ग्रामीणों का कहना है कि शासन और पंचायत स्तर पर समय-समय पर बदलाव होते रहे,लेकिन खोरमा नर्सरी तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली में कोई खास बदलाव नहीं आया,लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है,ग्रामीणों और कर्मचारियों ने संबंधित पंचायत एवं विभागीय जिम्मेदारों से सड़क का निरीक्षण कर तत्काल गड्ढों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है,उनका कहना है कि बरसात के दौरान स्थिति और खराब होने से पहले यदि कार्रवाई की जाती है तो लोगों को राहत मिल सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur