-संवाददाता-
बैकुंठपुर,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शासकीय पीजी कॉलेज बैकुंठपुर में छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण,प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देने के उद्देश्य से विशेष कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया, कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर, भा.पु.से. उपस्थित रहे, कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। लक्ष्य तय कर नियमित तैयारी पर जोर-कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने विद्यार्थियों को PSC, SSC, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया, उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्पष्ट उद्देश्य के साथ नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी है, विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कैरियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया,एसपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थियों के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों और उनसे निपटने के उपायों पर भी संवाद किया, उन्होंने विद्यार्थियों को तैयारी के दौरान निरंतरता बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की बात कही।
अनुशासन और शिक्षा को बताया सफलता का आधार-महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हेमधर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा महाविद्यालयीन जीवन में अनुशासन बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया,उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अध्ययन और भविष्य को लेकर सजग रहने का आह्वान किया, कार्यशाला में Just Right for Children की परियोजना हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोकरण शुक्ला ने बाल विवाह की रोकथाम एवं उसके दुष्परिणामों की जानकारी दी,साथ ही साइबर जागृति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए पुलिस एवं सहायता सेवाओं के टोल फ्री नंबरों के बारे में विद्यार्थियों को बताया गया, उन्होंने आपात स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी भी दी।
दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से लक्ष्य निर्धारित करने और उसके प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान सकारात्मक सोच बनाए रखने पर जोर दिया।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय- कार्यशाला के दौरान साइबर प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी, साइबर ठगी के बढ़ते तरीकों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की गई, डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने के लिए जागरूक किया गया, वहीं यातायात विभाग के प्रभारी ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन पर जोर दिया, विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने के लिए जागरूक किया गया।
स्मृति-चिह्न भेंट कर किया आभार- कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हेमधर, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोकरण शुक्ला, दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े, साइबर प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे, कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एम.सी. हेमधर एवं दृष्टि कोचिंग संस्थान के निदेशक प्रशांत राजवाड़े ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर सहित अन्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया, कार्यशाला में विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur