महिला स्वास्थ्य,किशोरी जागरूकता और ‘जापा साथी’ पहल के लिए मिली सराहना
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। चिकित्सा सेवा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संकल्प हॉस्पिटल की चिकित्सक डॉ. अंकिता बंसल गोयल को छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की ओर से ‘अग्र धन्वंतरि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। 20 सितंबर को होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित समारोह में सांसद चिंतामणि महाराज एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। डॉ. अंकिता बंसल गोयल चिकित्सा सेवा के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में भी कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के माध्यम से गर्भाशय से संबंधित जटिल बीमारियों का उपचार किया जाता है। आयोजकों के अनुसार ऐसी सर्जरी के लिए पहले क्षेत्र की महिलाओं को उपचार के लिए दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी सम्मान समारोह में सराहा गया। चिकित्सा सेवा के साथ डॉ. अंकिता किशोरियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित करती हैं। स्कूलों में छात्राओं को मासिक धर्म,तनाव, व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा साइबर अपराध से बचाव जैसे विषयों पर जानकारी दी जाती है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उनके द्वारा ‘जापा साथी’ कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। इसके तहत महिलाओं को प्रसव के बाद मां और नवजात की देखभाल, स्वच्छता, पोषण तथा आवश्यक सेवाओं से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के साथ उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। सम्मान मिलने पर डॉ. अंकिता बंसल गोयल ने आयोजकों और समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक क्षेत्र में जागरूकता और सेवा के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur