सरगुजा रेंज में 3-3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 6 नवंबर तक 2 हजार से अधिक विवेचक होंगे प्रशिक्षित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। नए आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर मामलों की विवेचना को प्रभावी बनाने और तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल में पुलिस अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए सरगुजा रेंज स्तर पर रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुरू हुए प्रशिक्षण के प्रत्येक बैच में करीब 180 अधिकारी-कर्मचारी शामिल किए जा रहे हैं।
रेंज के शेष करीब 1838 विवेचकों को चरणबद्ध तरीके से 6 नवंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का शुभारंभ आईजी दीपक कुमार झा के नेतृत्व और डीआईजी राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण में भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस),भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बी एसए) के प्रावधानों के अनुरूप विवेचना की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
तीन दिवसीय प्रत्येक प्रशिक्षण में गंभीर मामलों की जांच के दौरान डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों के उपयोग, ई-साक्ष्य, ई-एफआईआर तथा सीसीटीएनएस की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जा रही है। इसके लिए लोक अभियोजन अधिकारी,फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ,डिजिटल व फोरेंसिक टीम,सीसीटीएनएस विशेषज्ञ और साइबर अपराध विशेषज्ञों को प्रशिक्षण के लिए शामिल किया गया है।
180 अधिकारियों-जवानों
ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एफएसएल अधिकारी, साइबर टीम के विशेषज्ञ तथा रेंज के विभिन्न जिलों से आए करीब 180 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, सहायक नोडल अधिकारी एसडीओपी ग्रामीण राकेश कुमार बघेल और समन्वयक रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur