ओडिशा के जाजपुर से पकड़ा गया आरोपी,अब तक 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर में ज्वेलर्स दुकान संचालक की स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग उठाकर फरार होने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जाजपुर जिले से शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू (30) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11.30 बजे वह स्कूटी से ज्वेलर्स का बैग लेकर हाईस्कूल सीतापुर के पास स्थित दुकान पहुंचे थे। स्कूटी में बैग रखकर दुकान का शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा जेवर से भरा बैग उठाकर फरार हो गया था। बैग में करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बताए गए थे। मामले में सीतापुर थाने में अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पहले बरामद हुए थे 46 लाख के जेवर : पुलिस टीम ने जांच के दौरान एक आरोपी के घर से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए थे, जिनकी कीमत करीब 43 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है, भी बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने अब तक करीब 46 लाख रुपए के जेवर बरामद किए हैं। मामले में आरोपी दास नागेश्वर को पहले गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
जाजपुर में दबिश देकर पकड़ा : अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान टीम ने ओडिशा के जाजपुर जिले में कार्रवाई कर शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शंकर प्रधान,पिता स्व. काली प्रधान,उम्र 30 वर्ष,निवासी पुरबोकोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर, ओडिशा बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना के दिन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी करना स्वीकार किया। इसके बाद प्रकरण में बीएनएस की धारा 111(2) और 3(5) भी जोड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान,आरक्षक मनीष सिंह तथा सीतापुर थाने से प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत,आरक्षक मनोहर पैकरा और धनकेश्वर यादव की भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur