Breaking News

अम्बिकापुर@व्यापार के नाम पर 4.80 करोड़ की ठगी,आरोपी गिरफ्तार

Share


2.08 करोड़ रुपए नहीं लौटाने का आरोप,धर्मकांटा और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के नाम पर भी ली रकम


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। व्यापार में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपए लेने और करीब 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपए वापस नहीं करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुजीत जायसवाल (48) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धर्मकांटा और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के नाम पर भी रकम लेने और जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बकाया रकम मांगने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी की आरोपी से पूर्व परिचित थी। आरोपी सुजीत जायसवाल गोधनपुर स्थित वसुंधरा बिहार रोड निवासी है और प्रतीक स्टील ट्रेडर्स का संचालन करता है। आरोप है कि आरोपी ने व्यापार करने की बात कहकर प्रार्थी से रकम की मांग की। प्रार्थी ने 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच अलग-अलग समय में कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपए दिए। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 2 करोड़ 72 लाख रुपए लौटा दिए, लेकिन शेष 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपए वापस नहीं किए। इसके अलावा धर्मकांटा और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर भी रकम लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही संबंधित रकम वापस की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बकाया रकम वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 296, 351(3) और 316(5) के तहत जांच शुरू की।
पूछताछ में ठगी करना स्वीकार करने का पुलिस का दावा : मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया और आरोपी सुजीत जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने व्यापार के नाम पर रकम लेकर ठगी करना स्वीकार किया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह,साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा,एएसआई विवेक पाण्डेय,एएसआई अदीप प्रताप सिंह सहित आरक्षक एहसान फिरदौशी, अशोक यादव,रमेश राजवाड़े,संजीव चौबे और देवेंद्र पाठक की भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@मेहंदी,रंगोली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

Share संतुलित आहार,मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव के प्रति किया गया जागरूक -संवाददाता-अम्बिकापुर,21 सितम्बर …

Leave a Reply