सीएम साय ने किया ट्रेड फेयर का शुभारंभ,स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ का प्रावधान,33 जिलों में स्थापित होंगे उद्यमिता विकास केंद्र
-संवाददाता-
अंबिकापुर,19 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया, इस अवसर पर उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता,दानशीलता,परोपकार और समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, उन्होंने कहा कि व्यापार और व्यवसाय के साथ समाज के उद्यमियों ने उद्योगों की स्थापना, रोजगार सृजन और जनसेवा के क्षेत्र में भी योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा… कि राज्य सरकार प्रदेश में ऐसा सुरक्षित,पारदर्शी और उद्योग
अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए कार्य कर रही है,जहां निवेश बढ़े, उद्योगों का विस्तार हो और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों, उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं,सरकार के अनुसार इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान-मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक समानता, करुणा, सहयोग और सहभागिता पर आधारित समाज की कल्पना की थी। उनका संदेश था कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले और सक्षम लोग जरूरतमंदों का हाथ थामकर उन्हें भी प्रगति की राह पर आगे बढ़ाएं, उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज ने इन आदर्शों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने आचरण में उतारा है, समाज की पहचान केवल व्यापार और आर्थिक सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि अर्थोपार्जन के साथ परमार्थ और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी इसकी विशिष्ट पहचान रही है, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविरों,धर्मशालाओं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थाओं तथा अन्य जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया, उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाने,ऑक्सीजन उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करने जैसी गतिविधियों को भी याद किया।
महिला शक्ति और युवाओं की भागीदारी पर जोर-मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिला शक्ति को विशेष स्थान दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएंअब परिवार की जिम्मेदारियों के साथ व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा,उद्योग,स्टार्टअप और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं,उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी परिवार और समाज के साथ प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी नई शक्ति प्रदान कर रही है, युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय में नई पीढ़ी के सामने अवसरों का बड़ा संसार है, युवाओं को अपने संस्कारों और सामाजिक मूल्यों से जुड़े रहते हुए आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने तथा नए विचारों और उद्यमों के माध्यम से स्वयं आगे बढ़ने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करने का आह्वान किया।
औद्योगिक नीति 2024-30 में रोजगार पर फोकस-मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया गया है,इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं,प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है,उन्होंने बताया कि युवाओं की उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी है,इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है, इसके साथ ही 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे,सरकार के अनुसार इससे युवाओं को नई तकनीक, कौशल, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
निर्यात प्रोत्साहन नीति से स्थानीय उत्पादों को बाजार-मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है,इसका उद्देश्य प्रदेश के छोटे उद्योगों,स्थानीय उत्पादों तथा मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश और विदेश के बड़े बाजारों से जोड़ना है,उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों के लिए नए बाजार खुलने और छत्तीसगढ़ के उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ,अग्रकुल दर्शन पत्रिका का विमोचन-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अग्र महाकुंभ के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया,उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों तथा गतिविधियों की जानकारी ली,इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्रकुल दर्शन पत्रिका का विमोचन भी किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल बोले…समृद्धि का अर्थ सबको आगे बढ़ाना-पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अग्र महाकुंभ सामूहिक चेतना,संगठन शक्ति,सामाजिक उत्तरदायित्व और भविष्य की दिशा पर विचार करने का महत्वपूर्ण अवसर है,उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने जिस सामाजिक व्यवस्था की कल्पना की थी,उसके मूल में समानता, सहयोग,संवेदनशीलता और सहभागिता की भावना थी।
स्वास्थ्य और योग को भी महाकुंभ में स्थान-मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में स्वास्थ्य और योग जैसे विषयों को शामिल किए जाने की भी सराहना की,उन्होंने कहा कि व्यापार और कार्य की व्यस्तता के बीच स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए,स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है तथा स्वस्थ समाज ही निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ सकता है,मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज की उद्यमिता,सेवा,सहयोग और परोपकार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ये रहे मौजूद-कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल,छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल,अंबिकापुर नगर निगम महापौर मंजूषा भगत,निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,भारत सिंह सिसोदिया,कलेक्टर अजीत वसंत,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल,नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल,जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव,नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरगुजा में पर्यटन और स्थानीय उद्योगों की संभावनाएं…
मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल की आर्थिक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्यटन,कृषि आधारित उद्योग,खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं,पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद होटल,होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में निवेश एवं रोजगार के अवसर विकसित हो रहे हैं,उन्होंने अग्रवाल समाज के अनुभवी उद्यमियों से इन क्षेत्रों से जुड़ने तथा अपने अनुभव के माध्यम से युवाओं और छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
दशम अग्र अलंकरण से प्रतिभाओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने ‘दशम अग्र अलंकरण’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की,उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता है, उन्होंने आयोजन से जुड़े छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन,अग्रवाल सभा अंबिकापुर,सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को अग्र महाकुंभ-2026 के आयोजन के लिए बधाई दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur