Breaking News

अम्बिकापुर @ अच्छे रिटर्न का झांसा देकर महिला लेक्चरर से 55 लाख की ठगी

Share


सहकर्मी लेक्चरर समेत पांच लोगों पर आरोप,46.12 लाख का बैंक लोन लेकर ट्रेडिंग कंपनी में कराया निवेश,अब किश्त के लिए नोटिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के गर्ल्स स्कूल की एक महिला लेक्चरर से ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 55 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अच्छे रिटर्न और बैंक लोन की किश्त कंपनी द्वारा चुकाने का झांसा देकर स्कूल की ही एक महिला लेक्चरर समेत अन्य लोगों ने निवेश कराया। पीडि़ता ने कोतवाली थाने में जिला स्काउट गाइड अधिकारी समेत पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अंबिकापुर गर्ल्स स्कूल में पदस्थ लेक्चरर निर्मला मिंज ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में स्कूल की लेक्चरर संगीता राय तिर्की ने उन्हें एएसए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद संगीता ने उनकी मुलाकात जिला स्काउट गाइड अधिकारी योगेश विश्वकर्मा से कराई। आरोप है कि योगेश ने कंपनी में निवेश से होने वाले फायदे की जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय पे-स्लिप के आधार पर बैंक से आसानी से लोन स्वीकृत हो जाएगा। बैंक की किश्त कंपनी की ओर से जमा कराने का भी भरोसा दिया गया।
46.12 लाख का लोन लेकर किया निवेश : आरोप है कि झांसे में आकर निर्मला मिंज ने अलग-अलग बैंकों से 46 लाख 12 हजार रुपए का लोन लिया और रकम ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर दी। उन्हें बताया गया था कि कंपनी बैंक की मासिक किश्त जमा करेगी और इसके अलावा करीब 40 हजार रुपए मासिक लाभांश भी मिलेगा। कंपनी की ओर से किश्त जमा होती देखकर उन्हें भरोसा रहा कि उनका निवेश सुरक्षित है और बैंक का लोन भी चुकाया जा रहा है।
बैंक का नोटिस आया तो खुला मामला : करीब डेढ़ साल बाद निर्मला मिंज को बैंकों की ओर से करीब 9 लाख 27 हजार रुपए की बकाया किश्त जमा करने का नोटिस मिला। इसके बाद उन्होंने योगेश विश्वकर्मा और अन्य लोगों से संपर्क किया। आरोप है कि उन्हें बताया गया कि ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है,इसलिए रकम मिलने में समय लगेगा। इसके बाद उन्हें निवेश की रकम को लेकर स्थिति का पता चला।
पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट : पीडि़ता ने कोतवाली थाने में योगेश विश्वकर्मा, अरुण कुशवाहा,आकाश सिंह,शशिकांत सिंह और लेक्चरर संगीता राय तिर्की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक लोन, कंपनी में जमा रकम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ लाखों की लागत वाली सीसी सड़क से गायब हुआ सीमेंट,17 माह में उखड़ी गिट्टियां

Share डीएमएफ मद से 20 लाख रुपये की लागत से हुआ था निर्माण,गुणवत्ता पर उठे …

Leave a Reply