पहले 3 आरोपी पकड़े जा चुके,अब आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा पर कार्रवाई…बैंक खाते,एटीएम और सिम कमीशन पर देने का आरोप…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठगी और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले म्यूल अकाउंट मामले में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा (32),निवासी सत्तीपारा,नेहरू वार्ड,शिव मंदिर के पास,अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने म्यूल बैंक खातों की जांच शुरू की थी। बिहार,गुजरात,महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से दर्ज साइबर अपराध की शिकायतों में संबंधित बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए थे। जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सूरज यादव के नाम से संचालित खाते में धोखाधड़ी से जुड़ी रकम का लेन-देन पाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि फर्जी सिम कार्ड के जरिए खाता प्राप्त किया गया था।
निजी काम का झांसा देकर खाते-एटीएम लेते थे : पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आम लोगों को निजी काम का झांसा देकर उनके बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड हासिल किए। इसके बाद इन्हें कमीशन पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और वित्तीय धोखाधड़ी के लिए उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस का कहना है कि बैंक खाते होल्ड होने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पासबुक, एटीएम और अन्य दस्तावेज तक जला दिए थे।
पहले सूरज,मुकेश और अमित पकड़े गए…
इस मामले में पुलिस पहले सूरज यादव,मुकेश त्रिपाठी और अमित मिश्रा उर्फ पहलू को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 493/25 दर्ज है। पुलिस ने धारा 419, 420 भादवि तथा धारा 238, 61(2), 111(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए अभियोग पत्र न्यायालय में पेश कर दिया है।
पूछताछ में गोलमोल जवाब,साक्ष्य छिपाने का आरोप
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना के संबंध में गोलमोल जवाब दिए और विवेचना में सहयोग नहीं किया। साक्ष्य छिपाने के प्रयास के आरोप में उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur