Breaking News

अम्बिकापुर@ससुर की हत्या की सुपारी,5 लाख में सौदा!

Share


तलाक के विवाद में दामाद ने रची साजिश…किराए का मकान दिखाने के बहाने चाकूबाजी…इलाज के दौरान मौत… 3 आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। तलाक के विवाद में ससुर की हत्या की सुपारी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दामाद ने ससुर को रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपए में सौदा तय किया और झारखंड से आरोपियों को बुलाकर वारदात करा दी। रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे तीन युवकों ने ससुर पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया।3 गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती वसीरुद्दीन सिद्दीकी की इलाज के दौरान मौत हो गई। कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है।
मकान देखने के बहाने पहुंचे, चाकू से हमला : पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की सुबह करीब 10ः15 बजे रसूलपुर, अंबिकापुर में तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने सादिया शारीन सिद्दीकी के घर पहुंचे थे। वहां सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत के दौरान तीनों ने मिलकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का प्रकरण न्यायालय में रहा है। आरोप है कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर उसे और मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
5 लाख में हत्या का सौदा,झारखंड से बुलाए आरोपी : जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी मो. नाजिम शबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक,आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में ससुर की हत्या कराने के लिए एक व्यक्ति से 5 लाख रुपए में सौदा तय करने की बात बताई। इसके बाद चैनपुर, पलामू से कंचन कुमार एवं अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया गया। आरोपियों को अजिरमा में गुड्डू उर्फ नेजारूउद्दीन के किराए के कमरे में ठहराया गया,जहां वारदात की योजना बनाई गई। पुलिस के अनुसार, घटना के दिन कंचन कुमार एवं दो अन्य आरोपी मोटरसाइकिल से रसूलपुर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
मोटरसाइकिल,खून लगे कपड़े और बस टिकट जब्त : तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कंचन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार,उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल,घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े और बस टिकट जब्त किया गया है। इसके बाद नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार,पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
हत्या का मामला दर्ज,साजिश और साक्ष्य छिपाने की धाराएं जुड़ीं :
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 के तहत प्रारंभिक रूप से धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। घायल की मृत्यु होने के बाद प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस के अनुसार, आपराधिक साजिश एवं साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 61(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
नाकेबंदी से लेकर
साइबर जांच तक कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने कार्रवाई की। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के थाना क्षेत्रों एवं सीमावर्ती रास्तों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह,एएसआई अदीप प्रताप सिंह,एएसआई विवेक पाण्डेय,प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी,प्रधान आरक्षक सतीश सिंह,आरक्षक विवेक राय,नितिन सिन्हा एवं नगर सैनिक दशरथ राजवाड़े। साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा,प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा,आरक्षक जितेश साहू,अशोक यादव,रमेश राजवाड़े,अमन पुरी एवं राहुल केरकेट्टा की भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ मेडिकल कॉलेज से घर लौट रही नाबालिग की रास्ते में मौत

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम चुनापाथर निवासी 16 …

Leave a Reply