47 संदिग्धों की बलगम जांच,संपर्क में आए लोगों को बचाव की दवाइयां, मरीजों को 6 माह तक हर महीने मिलेंगे 1000 रुपए
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संभावित टीबी मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग तेज कर दी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में अब तक 783 लोगों की छाती का एक्स-रे कराया गया है। इनमें टीबी के संदिग्ध पाए गए 47 लोगों की बलगम जांच भी कराई गई है। पुष्टि होने वाले मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि टीबी की जल्द पहचान और समय पर उपचार से बीमारी की गंभीरता और जटिलताओं को कम किया जा सकता है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार सरगुजा में टीबी से संक्रमित करीब 100 मरीजों में से लगभग 3 की मृत्यु हो जाती है। इस स्थिति को कम करने के लिए मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार,पोषण सहायता और दवा का कोर्स पूरा करना जरूरी है। अभियान के दौरान टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले परिवार के सदस्यों और अन्य पात्र लोगों की भी जांच की जा रही है। जिन लोगों में सक्रिय टीबी नहीं पाई जाती,उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीबी से बचाव की दवाइयां दी जा रही हैं। इसका उद्देश्य भविष्य में उनमें टीबी विकसित होने के जोखिम को कम करना है।
मरीजों को पोषण सहायता
और फूड बास्केट :
टीबी की पुष्टि होने वाले मरीजों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उपचार अवधि में 6 माह तक हर महीने 1000 रुपए की पोषण सहायता दी जा रही है। इसके अलावा जिला स्तर पर सामाजिक सरोकार के तहत मरीजों को 500 रुपए मूल्य का फूड बास्केट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों में नए संदिग्ध मरीजों की जांच के साथ टीबी से स्वस्थ हो चुके मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण और फॉलोअप भी किया जा रहा है। प्रत्येक हितग्राही की स्क्रीनिंग, जांच, उपचार और फॉलोअप की जानकारी निक्षय पोर्टल पर दर्ज की जा रही है, जिससे मरीजों की नियमित निगरानी की जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों,मधुमेह मरीजों, बार-बार बीमार पडऩे वाले लोगों और टीबी के लक्षण वाले व्यक्तियों से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur