25 सीटर आश्रम को ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ से जोड़ा गया,कलेक्टर ने बेहतर सुविधाओं के साथ नियमित भ्रमण और रचनात्मक गतिविधियों पर दिया जोर
-संवाददाता-
एमसीबी 17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिले में बुजुर्गों के लिए सुरक्षित,सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई। नगर पंचायत झगराखांड के वार्ड क्रमांक 1,गेला झरिया दफाई, नॉर्थ जे.के.डी. में समाज कल्याण विभाग से अनुदानित संस्था ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित उदय शांति वृद्धा आश्रम का गुरुवार को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान और उनके बेहतर जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा गया,जिले में 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, कार्यक्रम में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े,प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण अंजना रोस बेक,नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, झगराखांड नगर पंचायत अध्यक्ष रीमा यादव,पार्षद, जनप्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
25 बुजुर्गों के लिए तैयार किया गया आश्रम- उदय शांति वृद्धा आश्रम 25 सीटर है, यहां बुजुर्गों को रहने के लिए सुरक्षित स्थान के साथ सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, आश्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण अंजना रोस बेक ने अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया, उन्होंने कहा कि जिले में वृद्धा आश्रम की शुरुआत बुजुर्गों के लिए संवेदनशील और मानवीय पहल है, उन्होंने बताया कि 25 सीटर आश्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़े ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत समर्पित किया गया है,उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न वृद्धा आश्रमों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, इसके पीछे बुजुर्गों के आशीर्वाद और अनुभवों को समाज की सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने की भावना बताई गई।
मंत्री बोले-बुजुर्ग समाज की धरोहर- स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में बुजुर्गों को समाज की धरोहर बताते हुए उनकी सेवा और देखभाल को सामाजिक एवं पारिवारिक जिम्मेदारी बताया, उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, उन्होंने समाज कल्याण विभाग और ग्राम विकास समिति द्वारा वृद्धजनों के लिए आश्रम शुरू करने की पहल की सराहना की, मंत्री ने कहा कि बुजुर्गों के हाथों जहां भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा, वहां उनके आशीर्वाद से देश के उज्ज्वल भविष्य और वर्ष 2047 के संकल्प को नई ऊर्जा मिलने की भावना है, उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है, उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियों के कारण परिवार अपने बुजुर्ग माता-पिता की उस तरह देखभाल नहीं कर पाते,जैसी वे करना चाहते हैं, ऐसे में वृद्धा आश्रम बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने का माध्यम बन सकते हैं।
जिले ही नहीं,दूसरे राज्यों के बुजुर्ग भी रह सकेंगे- मंत्री ने कहा कि 25 सीटर आश्रम में जिले और प्रदेश के साथ अन्य राज्यों से आने वाले बुजुर्ग भी रह सकते हैं, यहां उन्हें एक नए परिवार जैसा वातावरण देने का प्रयास किया जाना चाहिए, उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्माण और सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत अध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी नियमित रूप से आश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने की अपील की, मंत्री ने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के लिए हर सप्ताह किसी न किसी स्थान पर भ्रमण की व्यवस्था करने तथा पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
गीता,रामायण और हनुमान चालीसा भेंट कर किया सम्मान– कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आश्रम में रहने आए बुजुर्ग माता-पिता से आत्मीयता से मुलाकात की, उन्होंने उनके हालचाल पूछे और उनकी जरूरतों के संबंध में जानकारी ली, इस दौरान मंत्री ने बुजुर्गों को श्रीमद्भगवद्गीता,रामायण, हनुमान चालीसा तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया,उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया, कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच इस दौरान आत्मीय वातावरण देखने को मिला, आश्रम के माध्यम से बुजुर्गों को केवल आवास उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सामाजिक जुड़ाव, सम्मान और अपनत्व का वातावरण देने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा—बुजुर्गों की जरूरतों का रखा जाए पूरा ध्यान-
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने आश्रम के शुभारंभ को जिले के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया, उन्होंने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए, कलेक्टर ने कहा कि आश्रम में किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर जिला प्रशासन को तत्काल जानकारी दी जाए, उन्होंने बुजुर्गों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें समय-समय पर गार्डन, पर्यटन स्थल और बाजार भ्रमण कराने के निर्देश दिए, उन्होंने बुजुर्गों को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया, सिलाई, खेलकूद, पढ़ना-लिखना और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को नियमित गतिविधियां आयोजित करने के साथ योगाभ्यास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गार्डनिंग, पढ़ाई और सिलाई जैसी गतिविधियों पर जोर-
नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने आश्रम के शुभारंभ पर बुजुर्गों को बधाई दी, उन्होंने कहा कि आश्रम में बुजुर्गों को केवल रहने की सुविधा उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सक्रिय और सहज वातावरण देने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी संचालित की जानी चाहिए, उन्होंने गार्डनिंग, पढ़ाई और सिलाई जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की बात कही, उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए सामाजिक संस्थाओं और समाज के अन्य वर्गों से भी ऐसे कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान में सामाजिक सरोकार को जोड़ने की पहल
एमसीबी में 17 सितंबर से शुरू ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं,अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जोड़ने की योजना सामने आई है, उदय शांति वृद्धा आश्रम का शुभारंभ इसी क्रम में बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल से जुड़ी पहल के रूप में किया गया, कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास समिति और समाज कल्याण विभाग ने अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur