सामाजिक संवाद,योग,स्वास्थ्य,सम्मान,संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का होगा संगम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। अग्रवाल समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और सांगठनिक इतिहास में नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधि, समाजसेवी,उद्यमी,युवा और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं शामिल होंगी। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक संवाद,सामूहिक चिंतन, स्वास्थ्य जागरूकता,सम्मान,संस्कृति,पारिवारिक मूल्यों और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देना है। 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेंगे। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल,विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल,विधायक बसना संपत अग्रवाल,राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। महाकुंभ के पहले दिन अग्र-मंथन में समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। सामाजिक एवं सांगठनिक मजबूती, नई पीढ़ी की भागीदारी, स्वास्थ्य, संस्कार और बदलते सामाजिक परिवेश जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद महिला अधिवेशन में महिलाओं की सामाजिक सहभागिता, संगठन में भूमिका और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। शाम को हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि प्रस्तुति देंगे। अग्र महाकुंभ के संयोजक सुभाष गोयल व कन्हैयालाल अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग और मनोज अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का संदेश सामूहिक चिंतन से सशक्त संगठन और सशक्त संगठन से समर्थ समाज की दिशा में आगे बढऩा है। सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा और अग्रवाल सभा अंबिकापुर सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। समाज में महाकुंभ को लेकर खासा उत्साह है।
योग से खुले संवाद तक होंगे कार्यक्रम
20 सितंबर की सुबह योग और प्राकृतिक जीवनशैली पर कार्यक्रम होगा। सुबह 10 से 11.30 बजे तक खुले संवाद का आयोजन किया जाएगा। इसमें एआई के उपयोग, सामाजिक परिवर्तन सहित वर्तमान समय की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसके बाद विशेषज्ञों का स्वास्थ्य सत्र आयोजित किया जाएगा। वहीं 20 सितंबर की शाम परिवारोत्सव होगा। सूरत के मनीष बाघासिया रिश्तों,विश्वास,संस्कार और पीढिय़ों के बीच संवाद जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। बदलते दौर में पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों को मजबूत बनाए रखने पर भी विचार साझा किए जाएंगे।
प्रतिभाओं का होगा अग्र अलंकरण
महाकुंभ के प्रमुख आकर्षणों में दशम अग्र अलंकरण समारोह भी शामिल है। इसमें शिक्षा, समाजसेवा,उद्यम,चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur