आईजी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन,बोले…सोशल मीडिया पर भडकाऊ सामग्री से माहौल बिगाडने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए सर्व समाज एवं सर्व धर्म के प्रतिनिधि एकजुट हुए हैं। विभिन्न समाजों और धर्मों के प्रतिनिधियों ने सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भडकाऊ और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर प्रभावी निगरानी रखने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वालों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरगुजा लंबे समय से सामाजिक सद्भाव,भाईचारे और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली ऐसी सामग्री, जिससे किसी समाज, धर्म या व्यक्ति के खिलाफ वैमनस्य पैदा हो, गंभीर चिंता का विषय है। इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होने के साथ तनाव की स्थिति भी बन सकती है।
मूल स्रोत और मंशा की भी हो जांच : ज्ञापन में मांग की गई कि सोशल मीडिया पर वैमनस्य फैलाने, किसी समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ उकसाने और सामाजिक तनाव पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही वायरल सामग्री के मूल स्रोत, उसके प्रसार के पीछे की मंशा और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच हो, ताकि ऐसी गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
किसी समाज के विरोध में नहीं पहल : सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी व्यक्ति, जाति, समाज या धर्म के विरोध में नहीं है। इसका उद्देश्य केवल सरगुजा में कानून-व्यवस्था, सामाजिक शांति और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखना है। प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी और शिकायतों की निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई।
बोले…शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी : प्रतिनिधियों ने कहा कि सरगुजा की सामाजिक एकता किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की साझा विरासत है। इसे बनाए रखना प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur