Breaking News

अम्बिकापुर@ नौकरी का झांसा,ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें युवा

Share


जन शिक्षण संस्थान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और श्रमिकों ने सीखे बचाव के तरीके
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को फर्जी जॉब ऑफर, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन ठगी से बचाने सरगुजा पुलिस का साइबर जागृति अभियान जारी है। अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत मंगलवार को जन शिक्षण संस्थान (कौशल विकास केंद्र) में वृहद साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 300 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं असंगठित क्षेत्र के युवाओं-श्रमिकों ने हिस्सा लिया। पुलिस टीम ने फर्जी भर्ती एजेंसियों, रजिस्ट्रेशन शुल्क और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली ठगी से बचाव की जानकारी दी। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत 13 से 19 सितंबर तक कौशल विकास केंद्रों, रोजगार सृजन वाले संस्थानों और असंगठित क्षेत्र के युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में जन शिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने युवाओं को साइबर ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी दी।
नौकरी के नाम पर पैसे मांगे तो रहें सतर्क : पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पार्ट टाइम, फुल टाइम और वर्क फ्रॉम होम के आकर्षक ऑफर देकर ठगी की जा रही है। फर्जी भर्ती एजेंसियां रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे मांग सकती हैं। युवाओं को सलाह दी गई कि नौकरी के नाम पर किसी भी संस्था को पैसे देने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच करें। अनजान नंबरों से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी वेबसाइट और एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने तथा बैंक खाता, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम ने सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान के निदेशक मो. सिद्दीकी, परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता सहित करीब 300 छात्र-छात्राएं और 10 शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने समाधान किया। नवा बिहान की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास ने सहभागिता निभाई। सरगुजा पुलिस से उप निरीक्षक अभय तिवारी,साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल,अमन पुरी,राहुल केरकेट्टा एवं अविनाश पासवान कार्यक्रम में सक्रिय रहे।
ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था को बिना जांच-पड़ताल के बैंक विवरण, ओटीपी अथवा निजी जानकारी न दें। साइबर वित्तीय ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जमीन बेचने के नाम पर 65 वर्षीय बुजुर्ग से 18 लाख की ठगी,तीन पर केस दर्ज

Share चेक लेकर खाते से रकम निकाली,धमकाने का भी आरोप -संवाददाता-अम्बिकापुर,15 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जमीन …

Leave a Reply