Breaking News

अम्बिकापुर@गणपति बप्पा मोरया की गूंज से भक्तिमय हुआ शहर

Share


घरों से लेकर पंडालों तक विधि-विधान से हुई गणेश प्रतिमाओं की स्थापना,10 दिवसीय महोत्सव शुरू

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार से शहर में 10 दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ आस्था और उल्लास के साथ हुआ। सुबह से ही घरों,मंदिरों और शहर के विभिन्न गणेश पंडालों में‘गणपति बप्पा मोरया’की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की। शाम को पंडालों में आरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आराधना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। गणेशोत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह नजर आया। करीब 15 दिन पहले से ही विभिन्न समितियों द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक पंडाल तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया था। सोमवार को गणेश चतुर्थी पर इन पंडालों में पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही गणेशोत्सव की धूम शुरू हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी छोटे-बड़े पंडालों में विघ्नहर्ता की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई। शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों और चौक-चौराहों पर आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। इन्हें विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में गणेश आराधना को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जयस्तंभ चौक,सदर रोड, देवीगंज रोड,ब्रह्म रोड,चांदनी चौक मायापुर, चर्च रोड केदारपुर,दरीपारा,महाराजा गली और गांधीनगर सहित कई स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
गणपति धाम में पूजा-अर्चना और भंडारा : गणेश चतुर्थी के अवसर पर महमाया पहाड़ी स्थित हाथीपखना के गणपति धाम में आरती और पूजा-अर्चना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान गणेश के दर्शन और आरती में शामिल होने अंबिकापुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना ट्रस्ट के संरक्षक भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि हाथीपखना स्थित गणपति धाम सरगुजा की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। महमाया पहाड़ी के प्राकृतिक और आध्यात्मिक वातावरण में स्थित यह स्थल श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव के दौरान क्षेत्र में सुख-शांति और सौहार्द की कामना की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शैलू ने कहा कि गणपति धाम श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पवित्र स्थल है। स्थानीय मान्यता के अनुसार महमाया पहाड़ी पर प्राकृतिक रूप से दिखाई देने वाली गणपति आकृति के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का प्रयास गणपति धाम को श्रद्धालुओं के लिए सुविधायुक्त और प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करना है। आयोजन में हरपाल सिंह भामरा,जन्मेजय मिश्रा,रवींद्र तिवारी, अनंगपाल दीक्षित,विजय सोनी, अभिषेक शर्मा,मनोज अग्रवाल,गोल्डी बिहाड़े, दिव्या सिंह सिसोदिया,अनिल जायसवाल, शुभांगी बिहाड़े,रूपेश दुबे,विकास गुप्ता, शशिकांत जायसवाल,संजीव वर्मा, रवि विश्वकर्मा,अनीश सिंह,आयुष दुबे,अविनाश मंडल,मनोज प्रसाद,जतिन परमार,अशोक सोनी,अभिषेक माथुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Share

Check Also

रामानुजनगर/सूरजपुर@ ग्राम सभा और शिक्षा को मजबूत करना आदिवासी अधिकारों की रक्षा का आधार : बीपीएस पोया

Share रामेश्वरम के अंबेडकर भवन में आदिवासी अधिकार दिवस मनाया गया,छात्र-छात्राओं को वितरित की गई …

Leave a Reply