दही हांडी में जनकपुर की टीम विजेता छह टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला,
विजेता को 25 हजार रुपए नकद व ट्रॉफी; देर रात तक उमड़ा जनसैलाब
-संवाददाता-
जनकपुर,10 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर कृष्णजन्मोत्सव समिति जनकपुर के तत्वावधान में बुधवार को हनुमान मंदिर प्रांगण में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, उत्साह और रोमांच से सराबोर इस आयोजन में भरतपुर ब्लॉक क्षेत्र की छह टीमों ने हिस्सा लिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक मौजूद रहे। दही हांडी प्रतियोगिता के दौरान पूरा मंदिर परिसर कान्हा के जयकारों और तालियों की गूंज से गुंजायमान रहा। प्रतियोगिता में जनकपुर,तोजा,चिडौला,घघरा,जोलगी और भगवानपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों ने दही हांडी फोड़ने के लिए सामूहिक शक्ति, तालमेल और उत्साह का प्रदर्शन किया,जैसे-जैसे टीमें एक के बाद एक मैदान में उतरीं, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। प्रतिभागी टीमों के प्रयासों के दौरान दर्शक तालियों और जयकारों के साथ उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।
रोमांचक मुकाबले में जनकपुर ने मारी बाजी-दही हांडी प्रतियोगिता में सभी टीमों ने जीत के लिए जमकर प्रयास किया, कई रोमांचक प्रयासों के बाद जनकपुर की टीम ने शानदार सामूहिक प्रदर्शन करते हुए दही हांडी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया,विजेता जनकपुर टीम को आयोजन समिति की ओर से 25 हजार रुपए नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य पांच टीमों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें 2-2 हजार रुपए की सांत्वना राशि प्रदान की गई, विजेता टीम के दही हांडी फोड़ते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों और जयकारों के साथ खुशी का इजहार किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नीलेश मिश्रा की अगुवाई में हुआ आयोजन-पूरे आयोजन के समन्वय और संचालन में नगर पंचायत उपाध्यक्ष नीलेश मिश्रा की अगुवाई में कृष्णजन्मोत्सव समिति की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों से संपर्क एवं समन्वय, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था,मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों ने लगातार कार्य किया। आयोजन को सफल बनाने में ओम प्रकाश सोनी,दीपक सोनी,रोशन गुप्ता,भरत गुप्ता,अमित केवट,अतुल नामदेव,सोनू,धर्मेंद्र पटेल,आशीष पटेल,शिवाकांत दुबे,धीर रवानी,कपिल गुप्ता (भांचा),अनिल केवट,अंकित दाहिया,दिनेश दीवान,अक्षत मिश्रा,अनिल गुप्ता सहित कृष्णजन्मोत्सव समिति के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
धार्मिक परंपरा के साथ युवाओं को जोड़ने की पहल-कृष्णजन्मोत्सव समिति जनकपुर ने बताया कि दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की परंपरा को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं एवं आम नागरिकों को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना है,समिति के अनुसार ऐसे आयोजन सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्रवासियों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं,प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों की सहभागिता ने भी आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता को मजबूत किया।
सभी सहयोगियों के प्रति जताया आभार-कृष्णजन्मोत्सव समिति जनकपुर ने दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों,कलाकारों,कार्यकर्ताओं,सहयोगियों और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने वाले जनकपुर वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया,देर रात तक चले आयोजन के सफल समापन के साथ जनकपुर में कृष्ण जन्मोत्सव का उत्साह और उल्लास देखने को मिला,दही हांडी प्रतियोगिता ने जहां युवाओं के जोश और सामूहिक कौशल को मंच दिया,वहीं धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्सव के माध्यम से पूरे क्षेत्र को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश भी दिया।
भजनों और गीतों ने बांधा समां
दही हांडी प्रतियोगिता के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, अन्ना इवेंट बिलासपुर की ऑर्केस्ट्रा टीम ने देर रात तक भजनों एवं लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं,कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए,भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के धार्मिक वातावरण के बीच संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए,बच्चों, युवाओं और महिलाओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह रहा।
हनुमान मंदिर परिसर में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम के दौरान हनुमान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र लोगों से भरा रहा। दही हांडी प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे,जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ी,दर्शकों की संख्या भी बढ़ती गई,आयोजकों द्वारा कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur