Breaking News

उज्जैन@कई कोशिशों के बाद भी टस से मस नहीं हुई खड़े हनुमान

Share


जेसीबी और हाइड्रोलिक मशीन भी फेल,अब IIT इंदौर करेगी वैज्ञानिक जांच


उज्जैन,09 सितम्बर 2026। उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। कंठाल चौराहे से छत्री चौक तक सड़क को करीब 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसी दायरे में सती गेट स्थित खड़े हनुमान मंदिर आ रहा था। नगर निगम ने 4-5 सितंबर को मंदिर का ढांचा तोड़ दिया, लेकिन प्रतिमा को हटाने की कोशिश सफल नहीं हुई।
चार बार कोशिश, 8 फीट की प्रतिमा नहीं हिली
प्रशासन ने जेसीबी,क्रेन और हाइड्रोलिक मशीन की मदद से करीब 8 फीट ऊंची प्रतिमा को हटाने की कोशिश की। चार दिनों में कई प्रयास किए गए,लेकिन प्रतिमा अपनी जगह से टस से मस नहीं हुई। भक्तों ने इसे भगवान का संकेत और चमत्कार बताया। उन्होंने प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की।
अब आईआईटी इंदौर की टीम करेगी जांच
लगातार असफल प्रयासों के बाद प्रशासन ने आईआईटी इंदौर के विशेषज्ञों को बुलाया। टीम ने मंगलवार को करीब दो घंटे तक विशेष उपकरणों से जांच की। जमीन की स्कैनिंग कर यह पता लगाने की कोशिश की गई कि प्रतिमा कितनी गहराई तक है और उसके नीचे या आसपास किस तरह की संरचना मौजूद है। रिपोर्ट आने के बाद ही प्रतिमा को हटाने का तरीका तय होगा।
1000 साल पुरानी होने का दावा : विक्रम विश्वविद्यालय के पुरातत्व विशेषज्ञ प्रो. डॉ. रमण सोलंकी के अनुसार प्रतिमा करीब 1000 साल पुरानी हो सकती है। यह मालवा क्षेत्र में मिलने वाले मजबूत बेसाल्ट पत्थर से बनी बताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक परमार वंश और राजा भोज के समय इस तरह के पत्थरों पर प्रतिमाएं बनाने की परंपरा थी। हालांकि प्रतिमा की सही उम्र की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
भक्तों के लिए ‘डॉक्टर हनुमान’ः स्थानीय भक्त खड़े हनुमान को ‘डॉक्टर हनुमान’ और मंदिर को ‘उज्जैन का एम्स’ कहते हैं। मान्यता है कि यहां बीमार बच्चों और अन्य परेशानियों से जूझ रहे लोग मन्नत मांगते हैं। मंदिर के पुजारी महेश बैरागी के मुताबिक वर्षों से यहां बच्चों को झाड़नी दी जाती है और ताबीज बांधे जाते हैं। प्रतिमा नहीं हिलने के बाद भक्त बड़ी संख्या में पूजा-पाठ और हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@सत्य निकेतन हादसे के बाद नगर निगम दिल्ली का बड़ा एक्शन….

Share तोड़ी जाएंगी 27 जर्जर इमारतें,मालिकों को भेजा नोटिस नई दिल्ली,09 सितम्बर 2026। दक्षिण दिल्ली …

Leave a Reply