Breaking News

अंबिकापुर/दरिमा@पुलिस डॉग ‘कोका’ ने सुलझाई 2 लाख की चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

Share


कपड़े के निशान से संदेहियों के घर तक पहुंचा डॉग, 2.08 लाख रुपये नगद बरामद


-संवाददाता-
अंबिकापुर/दरिमा,08 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र के मोतीपुर भाठापारा में दुकान से हुई करीब दो लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से खुलासा कर दिया है। पुलिस डॉग ‘कोका’ घटनास्थल पर मिले कपड़े की पहचान करते हुए सीधे संदेहियों के घर तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 8 हजार 580 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मोतीपुर निवासी सुरेश महाजन 4 सितंबर को गुमला, झारखंड गए थे। 5 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी दुकान में लगा डीवीआर क्षतिग्रस्त था और दुकान में रखी करीब दो लाख रुपये की रकम गायब थी। रिपोर्ट पर दरिमा थाने में अपराध क्रमांक 205/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल तथा थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु डीएसपी निशांत गौरव कुर्रे के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
कपड़े की पहचान कर सीधे
आरोपियों के घर पहुंचा ‘कोका’

जांच के दौरान थाना प्रभारी एवं डॉग हैंडलर ने पुलिस डॉग ‘कोका’ को घटनास्थल पर ले जाकर वहां मिले कपड़े की पहचान कराई। इसके बाद ‘कोका’ ने रास्ता पकड़ते हुए सीधे संदेहियों के घर तक पहुंचकर पुलिस टीम को अहम सुराग दिया। इसके आधार पर पुलिस ने मोतीपुर निवासी सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25) और कबीर दास उर्फ विक्की (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में प्रार्थी की कपड़े की दुकान में काम कर चुके हैं। सिद्धार्थ निषाद के खिलाफ पूर्व में चोरी का मामला भी दर्ज है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने दुकान में चोरी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने दुकान में लगे डीवीआर को तोड़कर उसके टुकड़े नदी में फेंक दिए थे, ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी रकम सहित कुल 2,08,580 रुपये नगद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
डॉग स्क्वाड को मिलेगा पुरस्कार
मामले के खुलासे में पुलिस डॉग ‘कोका’ और उसके हैंडलरों आरक्षक कुलेश्वर साहू एवं नीरज वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी ने डॉग स्क्वाड की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए पुलिस डॉग ‘कोका’ सहित टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक देव सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, आरक्षक अखलेश यादव, मकर ध्वज, सुरेश यादव, भूपेंद्र सिंह, रंजीत गुप्ता सहित थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

कुसमी/बलरामपुर@ झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 7 मवेशी बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार

Share कुसमी पुलिस की कार्रवाई में स्थायी वारंटी भी पकड़ाया…मारते-पीटते पैदल ले जा रहे थे …

Leave a Reply