गोपाल सिंह और योगेश कुमार साहू राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित,कलेक्टर ने दी बधाई…
-संवाददाता-
सूरजपुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शिक्षक दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले के लिए गौरव का क्षण रहा,रामानुजनगर विकासखंड के दो शिक्षकों गोपाल सिंह और योगेश कुमार साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर चयनित 64 शिक्षकों की सूची में सूरजपुर से दोनों शिक्षकों के नाम शामिल थे। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में दोनों शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उनके चयन के पीछे नवाचारपूर्ण शिक्षण,विज्ञान शिक्षा,गतिविधि आधारित शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए गए कार्य प्रमुख रहे,कलेक्टर रेना जमील ने दोनों शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके परिश्रम,समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है,उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है,दोनों शिक्षकों की उपलब्धियां जिले के अन्य शिक्षकों को भी नवाचार और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करेंगी।
विज्ञान और नवाचार को बनाया शिक्षण का आधार-गोपाल सिंह,रामानुजनगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता हैं,उन्होंने विज्ञान शिक्षा को विद्यार्थियों के लिए सरल,प्रयोगात्मक और रुचिकर बनाने पर विशेष जोर दिया,उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की विभिन्न विज्ञान प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर उपलब्धियां हासिल की हैं,राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस,इंस्पायर अवार्ड-मानक,पश्चिम भारत विज्ञान मेला,प्रेरणा उत्सव,युवा महोत्सव सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा,स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर,आईसीटी, प्रयोगात्मक शिक्षण और नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से वे कक्षा शिक्षण को आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास करते हैं, विज्ञान मेले,क्विज,खेलकूद,सांस्कृतिक कार्यक्रम,यूथ एवं इको क्लब,पोषण वाटिका तथा पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच,नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता विकसित करने पर जोर दिया गया, गोपाल सिंह शिक्षा के क्षेत्र में लेखन कार्य भी कर चुके हैं,‘विज्ञान के अद्भुत विचार’ और ‘सफलता की राहें’जैसी पुस्तकों के लेखक के रूप में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है, वर्ष 2024-25 में उन्हें शिक्षा श्री गौरव अलंकरण पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
गतिविधि आधारित शिक्षा से बच्चों में बढ़ाया उत्साह-शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली के शिक्षक योगेश कुमार साहू को नवाचार,गतिविधि आधारित शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के लिए राज्य शिक्षक सम्मान मिला है,उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट क्लास,टीएलएम निर्माण,किचन गार्डन,प्रयोगात्मक शिक्षण और ‘खेल-खेल में शिक्षा’ जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया,उनका प्रयास रहा कि पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित न रहे,बल्कि विद्यार्थी गतिविधियों के माध्यम से सीखें,इसी सोच के तहत विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से बच्चों को जोड़ा गया, योगेश साहू ने शाला त्यागी बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, नियमित पालक संपर्क बढ़ाने और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुधारने की दिशा में भी काम किया, साक्षरता,पौधरोपण,जल संरक्षण,स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता जैसे अभियानों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही।
18 बार रक्तदान कर सामाजिक सेवा की मिसाल- शिक्षण कार्य के साथ योगेश कुमार साहू सामाजिक सेवा में भी सक्रिय रहे हैं,वे अब तक 18 बार रक्तदान कर चुके हैं,उनकी यह पहल विद्यार्थियों के बीच सेवा,संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायी मानी जा रही है,स्काउट-गाइड,विज्ञान एवं जागरूकता कार्यक्रम,खेलकूद,राष्ट्रीय पर्व,स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ उन्होंने विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय बनाने में भी भूमिका निभाई।
दोनों शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, पालकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी, यह सम्मान सूरजपुर जिले में शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राज्य स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
फोटो 07
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur