-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर में अज्ञात चोरों ने कियोस्क संचालक के घर सेंध लगाकर नकदी और कीमती सामान समेत करीब चार लाख रुपए का माल पार कर दिया। वारदात की खास बात यह रही कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार मोतीपुर निवासी सुरेश महाजन ग्रामीण बैंक के कियोस्क का संचालन करता है। 5 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे की तरफ से कच्ची दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब चार लाख रुपए है। चोरों ने वारदात के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को भी निकाल लिया और अपने साथ ले गए। इससे पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त चुनौती खड़ी हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़त परिवार ने दरिमा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग : घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होती, जिससे चोरी की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur