निरंतर संस्था की पहल,8 सितंबर को होटल अलंकार ग्रीन्स में होगा आयोजन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा की लोककला और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की समृद्ध परंपरा को मंच देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक संस्था ‘निरंतर’ द्वारा ‘लोकरंजनी’ लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सरगुजा के लोक कलाकार छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक लोकसंगीत की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजक संस्था के अनुसार ‘लोकरंजनी’ का उद्देश्य हजारों साल पुरानी लोकसंगीत की परंपरा को संरक्षित करने के साथ ही लोक कलाकारों को सम्मान और मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम का आयोजन 8 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे से रात 8ः30 बजे तक होटल अलंकार ग्रीन्स में किया जाएगा। संस्था ‘निरंतर’ ने संगीत एवं लोकसंस्कृति में रुचि रखने वाले नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि लोककला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की विरासत है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोकसंस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur