लखनपुर पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी,2 मवेशी मृत मिले,वाहन समेत 12 लाख का मशरूका जब्त
-संवाददाता-
लखनपुर,06 सितम्बर 202६ (घटती-घटना)।मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहनों में भरकर बूचड़खाने ले जाने की सूचना पर लखनपुर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो पिकअप वाहनों में ठूंसकर ले जाए जा रहे 8 मवेशियों को बरामद किया,जिनमें दो मृत मिले। कार्रवाई में दोनों पिकअप वाहन और मवेशियों समेत करीब 12 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चैनपुर काजूबाड़ी के पास दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को जबरन लोड कर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। मौके पर UP 25 KT 0155 नंबर की पिकअप में चार मवेशी भैंसा और UP 25 JT 4974 में भी चार मवेशी भैंसा क्रूरतापूर्वक लोड मिले। दोनों वाहनों में मौजूद लोगों से पुलिस ने मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में पहले वाहन में सूरज सारथी (32), निवासी चैनपुर टिकरापारा और नितिश राणा (25),निवासी बरेली,उत्तर प्रदेश बताए गए। दूसरे वाहन में जमीन उर्फ जमीर अंसारी (42), मो. आयुब (45) और मो. जुनैद (18 वर्ष 6 माह) के होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 8 मवेशियों को जब्त किया। इनमें 2 मवेशी मृत मिले,जबकि 6 जीवित थे। मृत मवेशियों का पशु चिकित्सक लखनपुर से पोस्टमार्टम कराया गया। जीवित 6 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur