Breaking News

अम्बिकापुर@सेवा संकल्प के मंच से भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां,कांग्रेस पर साधा निशाना…

Share


मोदी के जन्मदिन से एक माह तक चलेगा सेवा अभियान,सड़क से शौचालय तक योजनाओं का बखान,लेकिन जमीनी सवालों पर भी टिकी निगाह…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर राजमोहिनी भवन में हुई जिला कार्यशाला और वृहद जिला कार्यसमिति की बैठक संगठनात्मक कार्यक्रम से ज्यादा सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और कांग्रेस पर राजनीतिक पलटवार का मंच नजर आई। मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफों के पुल बांधे गए तो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को कटघरे में खड़ा किया गया। सड़क,आवास,शौचालय, उज्ज्वला और जनधन जैसी योजनाओं को लेकर भाजपा नेताओं ने उपलब्धियों का लंबा लेखा-जोखा रखा। बैठक में यह संदेश देने की कोशिश साफ दिखाई दी कि आगामी एक माह तक भाजपा संगठन सरकार की योजनाओं और मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगा। हालांकि,जनहित के लिहाज से असली परीक्षा यह होगी कि योजनाओं का यह प्रचार कागज और मंच से निकलकर गांव की सड़क,गरीब के घर और आम आदमी की रोजमर्रा की जरूरतों तक कितनी मजबूती से पहुंचता है। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और वंदेमातरम् गीत से हुई। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित प्रदेश और जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
मोदी के जन्मदिन से एक माह तक ‘सेवा’ का संकल्प : मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में लगातार काम किया है और उनके जन्मदिन 17 सितंबर से एक माह तक संगठन ‘सेवा अभियान’ चलाएगा। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कोरोना काल की नीतियों और वैक्सीन निर्माण का भी उल्लेख किया। संबोधन में कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक आरोप भी लगाए गए। कांग्रेस के शासनकाल को भ्रष्टाचार और देश को लूटने से जोड़ते हुए उन्होंने इतिहास लेखन को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि ऐसे राजनीतिक आरोपों के बीच यह सवाल भी स्वाभाविक है कि इतिहास की बहस से ज्यादा आज आम नागरिक के लिए रोजगार,महंगाई,सड़क,स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मौजूदा सवालों का समाधान कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कोरवा,पंडो और बैगा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सुधार को मोदी सरकार की योजनाओं का परिणाम बताया। सरगुजा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में इन दावों का वास्तविक मूल्यांकन गांवों में योजनाओं के लाभ और उनकी पहुंच से ही होना है।
भाजपा बोली…‘कांग्रेस नैरेटिव बना रही’,सवाल यह कि जनता किसे मानेगी? प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल को देश के विकास का स्वर्णिम काल याद किया जाएगा। उन्होंने जनधन,उज्ज्वला,प्रधानमंत्री आवास और शौचालय जैसी योजनाओं को सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन्हें जनता तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा सरकार की छवि खराब करने के लिए अलग-अलग नैरेटिव चलाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जनता कांग्रेस के चाल-चरित्र को समझ चुकी है। राजनीति में नैरेटिव की अपनी जगह है,लेकिन जनता का अपना ‘नैरेटिव’ भी होता है…जो उसे राशन की दुकान,अस्पताल, स्कूल,सड़क,बिजली और सरकारी दफ्तर में रोज दिखाई देता है। यही कारण है कि किसी भी सरकार की उपलब्धियों का अंतिम पैमाना मंच से कही गई बात नहीं,बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला बदलाव होता है।
सड़क पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने :अनुराग सिंह देव ने कांग्रेस शासनकाल की सड़कों की बदहाली और भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए भाजपा शासन में हुए सड़क निर्माण का ब्यौरा रखा। भाजपा नेताओं ने सरगुजा में हजारों करोड़ रुपए के सड़क निर्माण का दावा किया। सड़कें निश्चित रूप से विकास का सबसे दिखाई देने वाला चेहरा हैं। लेकिन इसके साथ एक दूसरा सवाल भी जुड़ा है…नई सड़कें कितनी बनीं,यह आंकड़ा है; कितनी सड़कें गुणवत्तापूर्ण बनीं और कितने साल टिकेंगी,यह जनता का अनुभव होगा। यही वह जगह है जहां राजनीतिक दावे और जमीनी हकीकत का मिलान होना बाकी है।
‘लाल आतंक मुक्त छत्तीसगढ़’ का श्रेय मोदी नेतृत्व को : विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब लाल आतंक से मुक्त हो गया है और भारतीय सेना का हौसला बुलंद है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी रखी और कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया गांव-गांव पहुंचने का टारगेट : भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ संगठन के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जनता तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने तथा अभियान के सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा से सफल बनाने का आह्वान किया। संगठन की रणनीति से साफ है कि अगले एक महीने में भाजपा सरकार की योजनाओं को उपलब्धि और संगठन के सेवा कार्यों को राजनीतिक संवाद का माध्यम बनाकर जनता के बीच जाने की तैयारी में है। अब देखना यह होगा कि कार्यकर्ता केवल योजनाओं की जानकारी लेकर पहुंचते हैं या जनता की शिकायतें भी वापस संगठन और सरकार तक लेकर आते हैं।
बैठक में संगठन से लेकर चुनावी संदेश तक : संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल और जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, पूर्व सांसद कमलभान सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन महामंत्री विनोद हर्ष और अरुणा सिंह ने किया, जबकि आभार वैभव सिंह देव ने व्यक्त किया।
राजनीतिक समीक्षा : सेवा अभियान या उपलब्धियों का प्रचार अभियान?
भाजपा का सेवा संकल्प अभियान निश्चित रूप से संगठन को जनता के बीच सक्रिय करने का प्रयास है। लेकिन राजनीतिक रूप से देखें तो यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को आगामी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाने की रणनीति भी है। मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला एक माह का अभियान भाजपा के लिए गांव-गांव संपर्क, योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच और सरकार के पक्ष में माहौल बनाने का अवसर होगा। कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने पहले ही सड़क, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को अपना प्रमुख हथियार बना लिया है। लेकिन जनहित की असली कसौटी इससे आगे है।
जिस गांव में सड़क आज भी खराब है, जिस परिवार को आवास की किश्त का इंतजार है, जिस युवा को रोजगार चाहिए,जिस मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा चाहिए और जिस किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य चाहिए…उसके लिए ‘सेवा’ का अर्थ भाषण नहीं,समाधान है।
इसलिए भाजपा के इस अभियान की सफलता केवल कितने कार्यक्रम हुए और कितने कार्यकर्ता जुटे,इससे तय नहीं होगी। सफलता तब मानी जाएगी जब सेवा संकल्प के बाद जनता यह कहे कि सरकार और संगठन के आने से उसकी समस्या सच में कम हुई है। यानी इस बार भाजपा के सामने चुनौती सिर्फ ‘उपलब्धियां बताने’ की नहीं, बल्कि उपलब्धियों को जमीन पर साबित करने की भी है।
‘हर व्यक्ति लाभार्थी’ का दावा,हर घर में दीया जलाने की अपील
मंत्री राजेश अग्रवाल ने मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी सरकारी योजना का लाभार्थी है और प्रधानमंत्री के यश-कीर्ति के लिए हर घर में दीया जलाकर प्रार्थना की जानी चाहिए। उन्होंने हर घर शौचालय योजना को सामाजिक बदलाव का बड़ा माध्यम बताया। साथ ही सरगुजा में भाजपा सरकार द्वारा बड़ी संख्या में सड़क निर्माण कराने का दावा किया। सड़कों का मुद्दा आते ही राजनीतिक बहस भी सामने आ गई। अग्रवाल ने शहर की बरसात में खराब हुई कुछ सड़कों को लेकर कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप लगाया और कहा कि बरसात खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। यहीं जनता का सवाल भी सबसे सीधा है…सड़क किसने बनवाई,यह बाद का विषय है,सड़क कब तक टिकेगी और कब तक बनेगी,यह आम आदमी के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है। बारिश में सड़क उखड़ना और फिर बारिश खत्म होने के बाद मरम्मत का इंतजार करना अब शहरवासियों के लिए कोई नया अनुभव नहीं है।
सड़क पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने…
अनुराग सिंह देव ने कांग्रेस शासनकाल की सड़कों की बदहाली और भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए भाजपा शासन में हुए सड़क निर्माण का ब्यौरा रखा। भाजपा नेताओं ने सरगुजा में हजारों करोड़ रुपए के सड़क निर्माण का दावा किया। सड़कें निश्चित रूप से विकास का सबसे दिखाई देने वाला चेहरा हैं। लेकिन इसके साथ एक दूसरा सवाल भी जुड़ा है…नई सड़कें कितनी बनीं,यह आंकड़ा है,कितनी सड़कें गुणवत्तापूर्ण बनीं और कितने साल टिकेंगी,यह जनता का अनुभव होगा। यही वह जगह है जहां राजनीतिक दावे और जमीनी हकीकत का मिलान होना बाकी है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply