Breaking News

सागर@मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब से अब तक 11 की मौत,आठ गंभीर मरीज बीएमसी रेफर

Share


सागर,06 सितम्बर 2026। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के आसपास के गांवों में जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 मरीजों का इलाज चल रहा है और आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीडि़त परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, गूगरा खुर्द, बराज और आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचे मरीजों में कुछ के शरीर नीले पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई। डॉक्टरों की निगरानी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद रविवार सुबह से स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे लक्षण नहीं होने पर भी एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग कराएं। उल्टी, सिरदर्द, बुखार या तबीयत बिगड़ने जैसी शिकायत होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
ग्रामीण ने कहा- साथ शराब पी, फिर तेजी से बिगड़ी हालत
बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके गांव में भी चार लोगों की मौत हुई है। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ी। उन्होंने बताया कि शरीर ठंडा पड़ने और हालत बिगड़ने के बाद कुछ लोगों की जल्द ही मौत हो गई।
छह शराब दुकानों को सील किया, सैंपलिंग के निर्देश
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने पीडि़त परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील किया गया है। शराब के सैंपल लेने के साथ ही उनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। बंडा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और कुछ शराब ठेकेदारों का दावा है कि क्षेत्र में नकली और अवैध शराब की बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। हालिया बैठक में लाइसेंसी ठेकेदारों द्वारा भी अवैध शराब के कारोबार का मुद्दा उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@सरकार को महाराष्ट्र के छात्रों की आवाज सुननी चाहिए नहीं तो छात्रों की गूंज और तेज होगीः राहुल गांधी

Share नई दिल्ली,06 सितम्बर 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि हजारों …

Leave a Reply