पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप…गड़ासानुमा हथियार लेकर दौड़ाने का भी आरोप,एयर गन जब्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। नमनाकला स्थित खिस्त मिलन आश्रम के मैदान में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति द्वारा एयर गन से फायर कर युवक को घायल करने और बाद में गड़ासानुमा हथियार लेकर उसे दौड़ाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एयर गन भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, खटिकपारा नमनाकला निवासी आयुष सोनकर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 सितंबर की दोपहर वह अपने साथी आजाद सोनकर और आदी सोनकर के साथ खिस्त मिलन आश्रम के मैदान में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान विनोद तिर्की एयर गन लेकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर पुरानी रंजिश एवं गुस्से के चलते उसकी ओर फायर कर दिया। एयर गन से निकला छर्रा उसके गले के दाहिने हिस्से में लगा। आहत और उसके साथी वहां से भागने लगे तो आरोपी कथित तौर पर गड़ासानुमा हथियार लेकर उनके पीछे दौड़ा और गाली-गलौज करने लगा। घटना से घबराकर सभी मौके से भाग गए।
एयर गन का दस्तावेज नहीं कर सका पेश : प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 612/26 दर्ज करते हुए धारा 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आहत, प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में आरोपी विनोद कुमार तिर्की (52), निवासी खिस्तमिलन आश्रम,रिंग रोड, अंबिकापुर के खिलाफ अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त एयर गन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए उसे नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी ने अपने पास एयर गन से संबंधित दस्तावेज नहीं होना बताया। इसके बाद पुलिस ने एयर गन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur