कुंवरपुर में हादसा,दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त,घायलों को अस्पताल भेजा
-संवाददाता-
लखनपुर,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर कुंवरपुर के नवीन कॉलेज के पास शनिवार को डाक पार्सल पिकअप और स्वीफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। इसी दौरान दोनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस और डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहन सडक पर ही खड़े हो गए,जिससे एनएच-130 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सडक के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur