Breaking News

रामानुजगंज@ जंगल में बैल का वध कर मांस गायब करने के आरोप में दो गिरफ्तार

Share


विजयनगर पुलिस की कार्रवाई,मांस के टुकड़े और धारदार हथियार बरामद; दोनों को भेजा गया जेल
-संवाददाता-
रामानुजगंज,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की विजयनगर चौकी पुलिस ने ग्राम लावा के जंगल में मवेशी के वध के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मांस के टुकड़े और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, विजयनगर चौकी को सूचना मिली थी कि ग्राम लावा के जंगल में बड़ी मात्रा में खून और मवेशियों की हड्डियां पड़ी हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वहां खून के निशान और हड्डियां मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आई वध की बात : पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की। संदेह के आधार पर दो स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने एक बैल खरीदने और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका वध करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने कथित तौर पर मांस को आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर रख दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके घरों की तलाशी ली, जहां से मांस के टुकड़े और वध में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किए गए।
ये आरोपी गिरफ्तार : गिरफ्तार आरोपियों में लालू कोरवा (36),पिता राम सूरत कोरवा तथा चंद्र देव पाल (46),पिता लालजी पाल, दोनों निवासी ग्राम लावा,चौकी विजयनगर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 238, 3(5) के साथ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच और अग्रिम विवेचना जारी है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान

Share बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं से संवाद, विरोध फॉर्म भरवाकर दर्ज कराया असंतोष-संवाददाता-बैकुंठपुर …

Leave a Reply