ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का आयोजन,शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षक होंगे सम्मानित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अंबिकापुर द्वारा ‘विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन 6 सितंबर, रविवार को शाम 5 बजे नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। संगोष्ठी का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण और संस्कारवान युवा पीढ़ी तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करना है। आयोजकों ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र के निर्माण में कक्षा और शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों से जोड़ना भी जरूरी है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर राजेश कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य आरएन खरे, डाइट प्राचार्य केसी गुप्ता और साईं बाबा विद्यालय के प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने शिक्षकों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाले नहीं,बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की दिशा देने वाले मार्गदर्शक और राष्ट्र के भावी निर्माणकर्ता हैं। उनके व्यक्तित्व और संस्कारों का प्रभाव आने वाली पीढि़यों पर पड़ता है। विकसित एवं श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए शिक्षकों की भूमिका को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur