बलौदाबाजार,05 अगस्त 2026।छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद भाजपा से निष्कासित पूर्व महामंत्री कृष्णा अवस्थी और उनके बेटे प्रणव अवस्थी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों पर अब जिला अस्पताल में वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लोगों से कुल 6 लाख रुपए लेने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ताओं ने कथित लेनदेन से जुड़े वीडियो और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस को दी गई शिकायत ग्राम ओड़ान के पूर्व सरपंच जीवन लाल कमल ने की है। शिकायत के मुताबिक, गांव के ही भाजपा कार्यकर्ता नाथूराम वर्मा के माध्यम से उनकी मुलाकात कृष्णा अवस्थी से हुई थी। आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने जिला अस्पताल में वार्ड बॉय के छह पदों पर युवकों की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले प्रत्येक उम्मीदवार से एक-एक लाख रुपए लेने की बात कही गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पहली बार 14 सितंबर 2025 को कृष्णा अवस्थी ने कथित तौर पर 3 लाख रुपए लिए। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार स्थित भाजपा कार्यालय में बुलाकर 3 लाख रुपए और लिए गए। इस तरह छह उम्मीदवारों से कुल 6 लाख रुपए दिए जाने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कृष्णा अवस्थी के पैसे लेते हुए वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। शिकायत के अनुसार, पैसे लेने के बाद कृष्णा अवस्थी ने नौकरी के इच्छुक युवकों को अपने बेटे प्रणव अवस्थी के पास भेजा। आरोप है कि प्रणव कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कैंटीन में युवकों से मिला।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur