अस्पताल के सामने बदहाल सड़क पर रातोंरात शुरू कराया सुधार कार्य
बारिश में बार-बार बह जाता था…डाला गया मटेरियल,जनहित की परेशानी सामने आई तो गायत्री हॉस्पिटल संचालक ने तत्काल कराया सुधार..
-संवाददाता-
अंबिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर की सड़कों की बदहाली के बीच कई बार छोटी-सी पहल भी आम लोगों के लिए बड़ी राहत बन जाती है। बनारस रोड स्थित गायत्री हॉस्पिटल के सामने लंबे समय से खराब सड़क और जगह-जगह फैली गिट्टी-डस्ट के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती थी। इसी परेशानी को लेकर अस्पताल संचालक डॉ. रितेश गुप्ता से जनहित में सड़क को गिट्टी-डस्ट डालकर दुरुस्त कराने का आग्रह किया गया। देर रात किए गए इस आग्रह पर उन्होंने सकारात्मक पहल करते हुए अगले ही दिन सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया।
बनारस रोड पर पीजी कॉलेज मैदान के सामने स्थित गायत्री हॉस्पिटल के सामने की सड़क का हिस्सा बारिश और लगातार आवागमन के कारण खराब हो गया था। गायत्री अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को भी इस हिस्से से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल के सामने की सड़क होने के कारण मरीजों की आवाजाही के लिहाज से भी यह स्थान महत्वपूर्ण है।
पहले भी कई बार डाली गई थी गिट्टी-डस्ट
सड़क को लेकर बातचीत के दौरान डॉ. रितेश गुप्ता ने बताया कि इस हिस्से में पहले भी तीन से चार बार फिलिंग कराई जा चुकी है, लेकिन प्रत्येक बार बारिश होने पर डाला गया मटेरियल बहकर सड़क के किनारे चला जाता है। इसके कारण कुछ समय बाद सड़क की स्थिति फिर खराब हो जाती है। इसके बावजूद आम लोगों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने तत्काल सड़क की फिलिंग और मरम्मत कराने की पहल की। इससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और स्थानीय लोगों को फिलहाल राहत मिली है।
सरकारी व्यवस्था का इंतजार किए बिना की पहल
सड़क की मरम्मत को लेकर आमतौर पर संबंधित विभाग की ओर उम्मीद की जाती है,लेकिन कई बार छोटी समस्याओं के समाधान में समय लग जाता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर सक्षम लोगों और संस्थानों द्वारा जनहित में स्वैच्छिक पहल की जाए तो लोगों को तत्काल राहत मिल सकती है। डॉ. रितेश गुप्ता द्वारा अस्पताल के सामने सड़क की मरम्मत कराया जाना इसी तरह की पहल के रूप में देखा जा रहा है। सड़क पर गिट्टी-डस्ट डालकर उसे आवागमन के योग्य बनाने का काम कराया गया है।
सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
जनहित से जुड़े ऐसे छोटे प्रयास शहर की बड़ी समस्याओं के बीच सकारात्मक संदेश देते हैं। जरूरत के समय केवल समस्या बताने के बजाय अपने स्तर पर समाधान की पहल करना सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। खासकर अस्पताल,स्कूल,बाजार और सार्वजनिक स्थलों के आसपास ऐसी छोटी-छोटी व्यवस्थाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान संबंधित विभाग द्वारा कराया जाना जरूरी है, लेकिन तब तक तत्काल राहत के लिए अस्पताल संचालक की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur