एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया पौधरोपण,बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगवां स्थित अटल विहार आवासीय योजना में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण और कॉलोनी के विकास से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने पौधरोपण किया। इस दौरान कॉलोनी में नवनिर्मित बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने की। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं,बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़े हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को मातृशक्ति के सम्मान से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कॉलोनीवासियों से इस वर्ष लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेने और नियमित रूप से उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने पिछले वर्ष कॉलोनी में लगाए गए पौधों की स्थिति का भी जायजा लिया और उनके बेहतर विकास पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।
अन्य कॉलोनियों में भी चलेगा अभियान : कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनुराग सिंह देव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। गृह निर्माण मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ उन्हें स्वच्छ,सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। उन्होंने कॉलोनीवासियों से पौधों की देखभाल को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की अपील की। उन्होंने पिछले वर्ष लगाए गए पौधों के बेहतर विकास पर संतोष जताया।
38.59 करोड़ की लागत से विकसित हुई योजना : गृह निर्माण मंडल के अंबिकापुर आयुक्त एमडी पनारिया ने बताया कि अटल विहार योजना सरगवां का विकास 9.70 एकड़ भूमि पर किया गया है। योजना में 38 करोड़ 59.22 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। यहां कुल 251 भवनों का निर्माण किया गया है। इनमें 14 एचआईजी, 12 सीनियर एमआईजी, 40 जूनियर एमआईजी, 63 एलआईजी और 122 ईडब्ल्यूएस भवन शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल और डब्ल्यूएमएम सडक का शेष निर्माण कार्य भी पूरा हो गया है। बाउंड्रीवाल बनने से कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ बाहरी और असामाजिक तत्वों के अनधिकृत प्रवेश पर भी नियंत्रण की उम्मीद है। वहीं ओपन जिम की सुविधा से कॉलोनीवासियों को व्यायाम के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
बच्चों ने प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश : कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कुमारी स्तुति पाठक ने शिव स्तुति प्रस्तुत की। महर्षि विद्या मंदिर की किंजल एवं साथियों ने चारों युगों पर आधारित वैदिक नृत्य प्रस्तुत किया। तुर्वी साहू और पीहू ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ विषय पर भाषण दिया। आराध्या सिन्हा और आरुष पाण्डेय ने पर्यावरण सुरक्षा पर प्रस्तुति दी। कुमारी शिवलोचनी राजवाड़े के निर्देशन में तन्मय एवं ग्रुप ने ‘सेव ट्री’ झांकी प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने सराहा।
अतिथियों का किया सम्मान : कॉलोनी की बाउंड्रीवाल निर्माण की स्वीकृति में अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के प्रयासों के लिए कॉलोनीवासियों ने उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी,भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, पार्षद डॉ. शिवमंगल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने किया। आभार प्रदर्शन कॉलोनी अध्यक्ष प्रमोद श्रीवास्तव ने किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur