Breaking News

अम्बिकापुर@डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराएं तो फोन काट दें,पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को बताए साइबर ठगी से बचने के तरीके

Share


सियान गुड़ी में 50 बुजुर्गों को साइबर अपराधों की जानकारी,पेंशन,केवाईसी,फर्जी कस्टमर केयर और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से किया सावधान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। साइबर ठग अब ऑनलाइन ठगी के लिए वरिष्ठ नागरिकों को भी निशाना बना रहे हैं। कभी पुलिस, सीबीआई, ईडी या ट्राई का अधिकारी बनकर डराया जाता है तो कभी पेंशन,केवाईसी अपडेट और बैंक खाता बंद होने का झांसा देकर निजी जानकारी हासिल की जाती है। ऐसे अपराधों से बचाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत स्थानीय सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों ने बुजुर्गों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देने के साथ उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए। कार्यक्रम में सियान गुड़ी की संचालिका रीता अग्रवाल, ‘नवा बिहान’ संस्था के अजय तिवारी एवं मंगल पांडे, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक अभय तिवारी तथा साइबर सेल से अनुज जायसवाल और अमन पुरी उपस्थित रहे।
’डिजिटल अरेस्ट’ से डरें नहीं, यह कानूनी प्रावधान ही नहीं : साइबर जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट को लेकर वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सावधान किया गया। बताया गया कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं। इसके बाद किसी अवैध पार्सल,सिम कार्ड या बैंक खाते का हवाला देकर गिरफ्तारी का डर दिखाया जाता है और घर के किसी कमरे में रहने तथा किसी से संपर्क नहीं करने का दबाव बनाया जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी गिरफ्तारी व्यवस्था नहीं है। किसी सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से गिरफ्तारी करने या पैसे मांगने की बात पर भरोसा नहीं करना चाहिए। ऐसा कॉल आने पर तुरंत फोन काटकर परिवार या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
पेंशन और जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर भी ठगी : वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से भी सावधान किया गया। साइबर ठग पेंशन बंद होने या जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के नाम पर लिंक भेजकर बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। पुलिस ने कहा कि पेंशन या बैंक से संबंधित किसी भी समस्या के लिए संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा से सीधे संपर्क करें। फोन पर किसी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी नहीं दें।
बिजली बिल से लेकर केवाईसी तक,डर दिखाकर खाली कर रहे खाते : फर्जी कस्टमर केयर के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में भी बुजुर्गों को जानकारी दी गई। ठग बिजली कनेक्शन काटने, सिम बंद होने,बैंक खाता फ्रीज होने या केवाईसी अपडेट नहीं होने का डर दिखाकर ओटीपी,बैंक डिटेल या अन्य जानकारी मांगते हैं।
पुलिस ने सलाह दी कि अनजान नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और किसी के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें। ऐसा करने से मोबाइल या बैंकिंग संबंधी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग सकती है।


Share

Check Also

भटगांव/सूरजपुर@महिला पत्रकारों से कथित मारपीट पर कांग्रेस का विरोध,अफरोज खान ने बताया लोकतंत्र पर हमला

Share शाहीन खान और नफीसा खान ने साकेत थाने में हिरासत और मारपीट के लगाए …

Leave a Reply