Breaking News

अम्बिकापुर@सीए भी साइबर ठगों के निशाने पर…सरगुजा पुलिस ने बताए बचाव के तरीके

Share


‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत सीए एसोसिएशन में जागरूकता शिविर,डिजिटल अरेस्ट,इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और फिशिंग से बचने दिए टिप्स

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं। इसी को देखते हुए ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत सरगुजा पुलिस ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों के लिए विशेष साइबर जागरूकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने वित्तीय क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण तरीके बताए। कार्यक्रम डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया। सीए एसोसिएशन ने जागरूकता कार्यक्रम के लिए पुलिस अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से प्रोफेशनल्स के साथ आम लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने में मदद मिलेगी।
वित्तीय डेटा की सुरक्षा सबसे जरूरी : सीएसपी राहुल बंसल ने कहा कि ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। सीए के पास व्यवसायियों और आम नागरिकों से जुड़ा महत्वपूर्ण वित्तीय डेटा रहता है, इसलिए उनके लिए साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी जरूरी है। कार्यशाला में फिशिंग लिंक, फर्जी ई-मेल, स्पूफिंग कॉल, निवेश संबंधी ठगी, डिजिटल अरेस्ट और लोन ऐप स्कैम के तौर-तरीकों की जानकारी दी गई। क्लाइंट्स के संवेदनशील वित्तीय डेटा और पासवर्ड को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जैसे सुरक्षा उपाय अपनाने पर जोर दिया गया।
ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत : साइबर ठगी होने पर तत्काल कार्रवाई को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने और cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल ने तकनीकी संसाधनों के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
पुलिस की पहल का स्वागत : सीए एसोसिएशन के सदस्यों ने सरगुजा पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने क्लाइंट्स और आम लोगों को भी सतर्क करेंगे। एसोसिएशन की ओर से डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल से भेंट कर कार्यक्रम के लिए आभार भी व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सीए एच.एस. जायसवाल,संयोजक धीरज अग्रवाल सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य,जिले के सीए, नवाबिहान टीम के अजय तिवारी, मंगल पाण्डेय,उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा,आरक्षक अनुज जायसवाल और राहुल केरकेट्टा उपस्थित रहे।


Share

Check Also

रायपुर@ ई-ऑफिस में स्वास्थ्य विभाग का जलवा…जुलाई में नस्तियों के निस्तारण में मिला पहला स्थान

Share छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया प्रशंसा-पत्र…स्वास्थ्य मंत्री ने सचिव अमित …

Leave a Reply