-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर की पॉश कॉलोनी कुंडला सिटी में बुधवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव की स्थिति बन गई। रातभर हुई झमाझम बारिश के बाद पूरी कॉलोनी तालाब में तब्दील हो गई। सडकें पानी में डूबने से बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। रहवासियों ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्थायी ड्रेनेज सिस्टम बनाने की मांग की है। कॉलोनी निवासी शुभम अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल भी भारी जलभराव के कारण कुंडला सिटी में 50 से 60 वाहन पानी में डूबकर खराब हो गए थे। वाहनों के नुकसान का मुआवजा अब तक नहीं मिला है। इस बार पानी पिछले साल की तुलना में कुछ कम रहा, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।बारिश से पहले रहवासियों ने नगर निगम के सहयोग से पीछे खेत की ओर जाने वाले पानी निकासी मार्ग की पोकलेन से सफाई कराई थी। इसके बाद अस्थायी नाला बनाया गया, जिससे इस बार कुछ पानी निकल सका। इसके लिए कॉलोनी के लोगों ने करीब 2 से 3 लाख रुपए चंदा जुटाकर काम कराया। रहवासियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। कुंडला समिति के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल 4 से 5 फीट पानी भरने से 50 से 60 वाहन खराब हो गए थे। इसके बाद दो लक्ष्य तय किए गए थे—कॉलोनी से पानी की निकासी और बाहर से आने वाले पानी को रोकना। इसके लिए नगर निगम में कई बार बैठकें हुईं। महापौर, पार्षद और वार्ड प्रभारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
अग्रसेन चौक और अयान मार्ग का पानी भी मुसीबत : रहवासियों के अनुसार अग्रसेन चौक और अयान मार्ग की ओर से आने वाला पानी कुंडला सिटी में प्रवेश करता है। सडक किनारे पर्याप्त नालियां नहीं होने से पानी नाले में जाने के बजाय सीधे कॉलोनी में पहुंच रहा है। कॉलोनी के पीछे जहां पहले पानी की निकासी होती थी, वहां अब नई प्लॉटिंग और मकान बन रहे हैं। इससे भविष्य में समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
निजी सफाई ठेकेदार पर भी सवाल : कुंडला सिटी में निजी सफाई ठेकेदार द्वारा नालियों की नियमित सफाई नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है। रहवासियों के अनुसार नालियां छोटी हैं और उनमें प्लास्टिक-कचरा जमा होने से पानी की निकासी बाधित रहती है। उन्होंने नगर निगम से स्थायी ड्रेनेज प्लान लागू करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि शासन स्तर पर करीब एक करोड़ रुपए का फंड जारी होने और रोड मैप तैयार होने की चर्चा है, लेकिन जमीन पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा। उनका कहना है कि यदि स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो हर बारिश में कुंडला सिटी के जलमग्न होने का खतरा बना रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur