Breaking News

अम्बिकापुर@क्रिप्टो में एक साल में 10 हजार से एक लाख करने का झांसा,फरार आरोपी गिरफ्तार

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपए की ठगी के मामले में मणिपुर पुलिस ने फरार छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान त्रिपाल टोप्पो उर्फ गुलाब (53) पिता स्व. रामलाल टोप्पो,निवासी इंदरपुर, थाना दरिमा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल और नोटबुक जब्त की है। पुलिस के अनुसार इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के त्रिपाल टोप्पो ने ऑनलाइन शेयर मार्केट में फायदा होने की बात कहकर उसे योजना से जुड़ने के लिए कहा था। इसके बाद त्रिपाल के माध्यम से उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से हुई। राजकुमार ने उसे बिटगेट वॉलेट एलजीएनएस नामक क्रिप्टो वॉलेट ऐप में निवेश करने पर अधिक रकम मिलने का झांसा दिया। 19 जुलाई को होटल फिल आनंदम में शेयर मार्केट के संबंध में ट्रेनिंग रखी गई थी। यहां कांता प्रसाद राजवाड़े लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से करीब 10-12 लोगों को ऐप के जरिए पैसा बढ़ाने की जानकारी दे रहा था। इसी दौरान एक साल में 10 हजार रुपए को एक लाख रुपए करने का लालच देकर राजकुमार पैकरा ने प्रार्थी से 10 हजार रुपए लिए। शिकायत पर मणिपुर थाने में धारा 318(4), 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े,राजकुमार पैकरा,जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
मोबाइल और नोटबुक जब्त : फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने त्रिपाल टोप्पो को पकड़ा। पूछताछ में उसके द्वारा भी बिटगेट वॉलेट एलजीएनएस के प्रचार-प्रसार से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और एक नोटबुक को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार इस योजना का छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के साथ देश के दूसरे राज्यों में भी प्रचार-प्रसार किए जाने की जानकारी मिली है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में प्रसव सेवा शुरू….

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में अम्बिकापुर के शहरी प्राथमिक …

Leave a Reply