Breaking News

अम्बिकापुर@गणपति धाम में 20 सितंबर को होगी भव्य महाआरती, मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित

Share


गणेश पंडालों और झांकियों को सीनियर-जूनियर वर्ग में दिए जाएंगे पुरस्कार,अनंत चतुर्दशी पर विवेकानंद चौक में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गणेश उत्सव 2026 को आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता के महापर्व के रूप में मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति ट्रस्ट की ओर से इस वर्ष भी गणपति धाम, महामाया पहाड़ में विशेष आयोजन किए जाएंगे। गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक यहां विशेष पूजा-अर्चना होगी। अंबिकापुर की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार गणेश प्रतिमा स्थापना से पहले गणपति धाम से पवित्र मिट्टी लाकर प्रतिमा के नीचे रखी जाती है। इसे‘मटकोड़न’की परंपरा के रूप में निभाया जाता है। गणेश चतुर्थी से एक-दो दिन पहले शहर की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के सदस्य गणपति धाम पहुंचकर पवित्र मिट्टी ले जाएंगे। समिति ने श्रद्धालुओं के स्वागत और आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी है।
20 सितंबर को महाआरती : गणपति धाम में 20 सितंबर रविवार को भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक विभिन्न समाजों के प्रमुखों द्वारा भी गणपति की पूजा-अर्चना की जाएगी।
पंडाल और झांकियों को मिलेगा पुरस्कार : समिति की ओर से शहर के गणेश पंडालों और झांकियों को सीनियर एवं जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए स्वतंत्र निर्णायक मंडल गठित किया गया है। पंडालों और झांकियों का मूल्यांकन स्वच्छता, साज-सज्जा, पर्यावरण अनुकूलता और रचनात्मक प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा।
अनंत चतुर्दशी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम : अनंत चतुर्दशी पर विवेकानंद चौक में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी मंच से चयनित गणेश पंडालों और झांकियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भी सीनियर एवं जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार होंगे। कार्यक्रम में शामिल सभी झांकियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। समिति ने शहरवासियों और गणेश उत्सव समितियों से आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में प्रसव सेवा शुरू….

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में अम्बिकापुर के शहरी प्राथमिक …

Leave a Reply