-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भगवती मानव कल्याण संगठन जिला इकाई अंबिकापुर के तत्वावधान में 24 घंटे अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ का भव्य आयोजन नगर माता राजमोहिनी भवन,एमजी रोड में सम्पन्न हुआ। 29 अगस्त सुबह 11 बजे से शुरू हुआ चालीसा पाठ निरंतर 24 घंटे तक चला,जिसका नगरवासियों ने लाभ लिया। 30 अगस्त को प्रातः 9 बजे शहर में नशामुक्ति सद्भावना रैली निकाली गई। इसके बाद 11 बजे चालीसा पाठ के समापन उपरांत माता भगवती आदिशक्ति जगत जननी जगदंबा और परमपूज्य गुरुवर श्री शक्तिपुत्र जी महाराज की आरती की गई। कार्यक्रम में संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने कहा कि आज के समय में नशा एक बड़ी महामारी है,जिसे जीवन से दूर भगाना ही हितकारी है। नशे के कारण मनुष्य पतन की ओर बढ़ रहा है,उसकी शारीरिक, मानसिक और आर्थिक क्षति हो रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इसी महामारी को दूर भगाना है। पूज्य गुरुवर के अनुसार प्रत्येक मनुष्य के तीन कर्तव्य हैं-धर्म की रक्षा,राष्ट्र की रक्षा और मानवता की सेवा। धर्म धारण करने से कल्याण निश्चित है,क्योंकि माता भगवती हमारी आत्मा की मूल जननी हैं। जीवन में परेशानियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। धर्मनिष्ठ होने से दुनिया की कोई भी समस्या पार की जा सकती है। उन्होंने कहा…जीवन में समस्या बाहर नहीं बल्कि मनुष्य के अंदर है। ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ इस सूत्र वाक्य को सतत अमल में लाना चाहिए। हमें किसी अन्य पर नहीं,बल्कि स्वयं पर विजय पाना है। अंदर की बुराइयों को दूर करने के लिए धर्म पथ पर चलना आवश्यक है। उन्होंने पूरे जिले सहित प्रदेश में नशामुक्त,मांसाहार मुक्त,चरित्रवान और चेतनावान समाज के निर्माण की इस विचारधारा से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur