जिलाध्यक्ष सतेंद्र राजवाड़े के नेतृत्व में सदस्यता व जनसंपर्क अभियान को मिल रहा उत्साहजनक समर्थन
-संवाददाता-
कोरिया,30 अगस्त 202६ (घटती-घटना)। जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। संगठन से जुड़ने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सदस्यता एवं जनसंपर्क अभियान के माध्यम से भाजयुमो कार्यकर्ता युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें संगठन की विचारधारा,सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष सतेंद्र राजवाड़े ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। आज का युवा केवल अपने भविष्य को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहता,बल्कि समाज और देश के लिए भी योगदान देना चाहता है। भाजयुमो युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध करा रहा है,जहां वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर नेतृत्व की भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न मंडलों और बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान को और व्यापक किया जाएगा। अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उन्हें सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। राजवाड़े ने कहा कि कोरिया का युवा अब केवल दर्शक नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने के लिए आगे आ रहा है। युवाओं की बढ़ती भागीदारी निश्चित रूप से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाएगी। भाजयुमो के इस अभियान से जिले में युवा नेतृत्व को नई दिशा मिलने के साथ संगठन के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur