संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय खेल अभियान,क्रिकेट,बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में फिट इंडिया अभियान के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर तीन दिवसीय खेल अभियान का शुभारंभ किया गया। गांधी स्टेडियम स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 28 अगस्त से शुरू हुआ अभियान 30 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। अभियान की शुरुआत टेबल टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं से हुई। प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबले कराए गए। प्राध्यापकों ने भी खेल मैदान में उतरकर विद्यार्थियों के साथ मुकाबला किया। इससे विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अभियान के दौरान ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ और ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश दिया गया।
दूसरे दिन हुआ सद्भावना क्रिकेट मैच : खेल अभियान के दूसरे दिन विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। मैच में दोनों टीमों के खिलाडि़यों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान के बाहर मौजूद विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर खिलाडि़यों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। डॉ. हरिशंकर प्रसाद टोंडे, प्रो. नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। प्रो. नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती और टीम भावना विकसित करने का माध्यम है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए युवाओं से खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभियान के अंतिम दिन भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur