बिजली आपूर्ति में खराबी से बार-बार बंद हुए कंप्यूटर,करीब 2500 अभ्यर्थी हुए प्रभावित…
जयपुर,30 अगस्त 2026। डॉक्टर बनने के बाद विशेषज्ञता की अगली सीढ़ी के लिए रविवार को आयोजित नीट-पीजी परीक्षा जयपुर के करीब 2500 अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का सबब बन गई। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन के दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में खराबी के चलते कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद होते रहे। तकनीकी अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए दोनों केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई। अब प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा 5 सितंबर को कराई जाएगी। देशभर में रविवार को 1,111 केंद्रों पर 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए नीट-पीजी परीक्षा आयोजित की गई। जयपुर के सीतापुरा स्थित परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर अभ्यर्थियों को शुरुआत से ही तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों के अनुसार परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते कई अभ्यर्थियों की परीक्षा करीब 10 बजे शुरू हो सकी। इसके बाद भी कंप्यूटर सिस्टम लगातार बाधित होते रहे। कई अभ्यर्थियों का दावा है कि करीब दो घंटे के दौरान कंप्यूटर कई बार बंद हुए। कुछ अभ्यर्थियों की स्क्रीन पर तीन-चार प्रश्न आने के बाद सिस्टम बंद हो गया, जबकि कुछ के कंप्यूटर पर पांच-छह प्रश्न आने के बाद तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। बार-बार सिस्टम बंद होने से अभ्यर्थियों का समय और एकाग्रता दोनों प्रभावित हुए। कई परीक्षार्थियों ने केंद्र अधिकारियों को बुलाकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। तकनीकी गड़बड़ी के बीच कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और गोपनीयता को लेकर भी सवाल उठाए तथा पूरे मामले की जांच की मांग की। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्र के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान हुई परेशानी को लेकर जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराने और विरोध जारी रखने की बात कही तो उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी गई। हालांकि, परीक्षा में अनियमितता या प्रश्नपत्र से जुड़ी किसी गड़बड़ी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सामने आई समस्या को फिलहाल तकनीकी खराबी और आंतरिक विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से जोड़ा गया है।
5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा : मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देते हुए दोनों केंद्रों की परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा कराने का फैसला किया है। बोर्ड के अनुसार, आईओएन डिजिटल जोन सीतापुरा के केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में खराबी के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। अब इन दोनों केंद्रों से प्रभावित सभी अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा 5 सितंबर, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित की जाएगी। इसके लिए नया परीक्षा केंद्र, संशोधित प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक जानकारी अलग से जारी की जाएगी। एनबीई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बैठक बुलाने का निर्णय किया है। बैठक में तकनीकी साझेदार और परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी की भूमिका की समीक्षा की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur