स्कूल में घुसकर कथित यू-ट्यूबरों का हंगामा,वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप; तीन के खिलाफ एफआईआर
-संवाददाता-
पस्ता,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के पस्ता क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुट्सू में कथित तौर पर खुद को यू-ट्यूबर बताने वाले तीन युवकों द्वारा स्कूल परिसर में घुसकर हंगामा करने और शिक्षकों पर दबाव बनाकर 10 हजार की मांग करने का मामला सामने आया है। शिक्षक की शिकायत के अनुसार रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा नौकरी से निलंबित कराने की धमकी दी गई। मामले में पस्ता पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले से बनाया जा रहा था पैसे के लिए दबाव
प्रभारी प्रधान पाठक रूकमण बारीक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि श्रवण यादव और दीपक यादव पिछले करीब 8-10 दिनों से एक कथित फाउंडेशन के नाम पर उनसे पैसे देने का दबाव बना रहे थे। शिक्षक द्वारा रकम देने से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया।
स्कूल में पहुंचकर बनाया वीडियो,बच्चों के सामने हंगामा
शिकायत के मुताबिक 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1 बजे श्रवण यादव, दीपक यादव और सूर्या यादव बिना अनुमति स्कूल परिसर में पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने बच्चों और शिक्षक के सामने अभद्र व्यवहार करते हुए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से स्कूल का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ और बच्चों में भी डर का माहौल बन गया।
10 हजार नहीं दिए तो वायरल करने की धमकी
शिक्षक का आरोप है कि कथित रूप से 10 हजार देने का दबाव बनाया गया। रकम नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा शिक्षक को नौकरी से हटवाने अथवा निलंबित कराने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों द्वारा वीडियो को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर यूट्यूब और फेसबुक पर अपलोड किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर पस्ता थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने दीपक यादव, श्रवण यादव और सूर्या यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। मामले में आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोपों तथा संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur