-संवाददाता-
रामानुजगंज,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। चौकी तातापानी पुलिस ने बंद मकान का ताला तोड़कर मोबाइल व चार्जर चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मोबाइल और चार्जर बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार,तातापानी निवासी मनदीप कुमार मिंज (37) 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे मोबाइल चार्ज में लगाकर परिवार के साथ बाजार गए थे। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलकर भागते देखा। घर के अंदर जाकर जांच करने पर चार्ज में लगा मोबाइल और चार्जर गायब मिला। शिकायत पर चौकी तातापानी पुलिस ने अपराध क्रमांक 155/2026, धारा 305(क) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने संतोष राम (35), निवासी ग्राम बुलगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी करना स्वीकार किए जाने के बाद उसकी निशानदेही पर मोबाइल और चार्जर बरामद कर लिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur