संस्कृत दिवस पर गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन,कैडेटों ने तैयार किया 3000 से अधिक शैक्षिक सामग्री वाला ऐप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। संस्कृत दिवस के अवसर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और कैडेटों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का मुख्य आकर्षण संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता रही, जिसमें कैडेटों ने संस्कृत के मधुर एवं भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल गायन प्रतियोगिता में कैडेट अदिति दुबे ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में किया गया।
कैडेटों की तकनीकी प्रतिभा भी सामने आई : समारोह में सैनिक स्कूल के कैडेटों द्वारा विकसित संस्कृत ऐप का भी शुभारंभ किया गया। ‘प्राचीन ज्ञान को आधुनिक तकनीक से जोड़ें’ की अवधारणा पर तैयार इस ऐप का उद्देश्य संस्कृत को डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों के लिए सरल, रोचक और सुलभ बनाना है। ऐप निर्माण में कैडेट भौमिक साहू, रिधिमान, आदित्य साहू, रोहित रॉय एवं कनिष्क मित्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐप में संस्कृत सीखने और अभ्यास के लिए 3000 से अधिक शैक्षिक सामग्री, 12 प्रमुख अनुभाग और 5 विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
डिजिटल दौर में संस्कृत को नया मंच : ऐप का औपचारिक शुभारंभ आर. एल. मिश्रा, प्राचार्य, राजीव कुमार, प्रोफेसर एवं प्राचार्य तथा कर्नल राजेश बैंदा द्वारा किया गया। अतिथियों ने कैडेटों की तकनीकी एवं रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। प्राचार्य आर. एल. मिश्रा ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक के माध्यम से संस्कृत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। कैडेटों द्वारा तैयार ऐप भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय का बेहतर उदाहरण है। संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन ने कहा कि पहल का उद्देश्य संस्कृत को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों के लिए सरल, सहज, रुचिकर और तकनीक-अनुकूल बनाना है।
कैडेटों की पहल यह भी दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी तकनीकी क्षेत्र में अभिनव समाधान विकसित कर सकते हैं। सैनिक स्कूल अंबिकापुर की यह पहल संस्कृत भाषा को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के साथ प्राचीन भारतीय ज्ञान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास के रूप में सामने आई है।
हिंदी भाषण प्रतियोगिता में गूंजी कैडेट्स की प्रभावी आवाज
कनिष्ठ वर्ग में अरिहंत हाउस और वरिष्ठ वर्ग में कटारी हाउस ने हासिल किया प्रथम स्थान
हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कैडेट्स के लिए हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनके आत्मविश्वास, वाक्-कौशल और प्रभावी अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना रहा। प्रतियोगिता में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कैडेट्स ने भाषा की शुद्धता, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम में कनिष्ठ वर्ग में अरिहंत हाउस तथा वरिष्ठ वर्ग में कटारी हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय से बाहर से आमंत्रित अतिथियों ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए कैडेट्स के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बेंदा ने विजेता हाउसों सहित सभी प्रतिभागी कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने अरिहंत हाउस के हाउस मास्टर सौरभ कुमार जैन एवं मनोज कुमार त्रिपाठी को विशेष रूप से बधाई देते हुए कैडेट्स की तैयारी और मार्गदर्शन की सराहना की। प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेट्स में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, भाषायी दक्षता और प्रभावी संप्रेषण कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur