Breaking News

बलरामपुर-रामानुजगंज@सर्व समाज के सहयोग से पंडो समाज के अरविंद का एमबीबीएस में दाखिला

Share


नीट में सफलता के बाद फीस की रकम पड़ी कम,लोगों ने जुटाए 67,900 रुपए

-संवाददाता-
बलरामपुर-रामानुजगंज,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के होनहार छात्र अरविंद कुमार पंडो ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नीट सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश लिया है। ग्राम चुनापाथर, विकासखंड रामचंद्रपुर निवासी अरविंद का चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पं. जवाहरलाल नेहरू, रायपुर में हुआ है। वे अपने परिवार में डॉक्टर बनने वाले पहले सदस्य होंगे। अरविंद के पिता रमेश पंडो कृषि और दैनिक मजदूरी पर निर्भर हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद अरविंद ने बिना कोचिंग और सीमित संसाधनों में पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया। चयन के बाद प्रवेश शुल्क की व्यवस्था परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई। 29 अगस्त को प्रवेश की अंतिम तिथि थी और करीब 40 हजार रुपए की कमी पड़ रही थी। परिवार ने जमीन गिरवी रखने का प्रयास भी किया, लेकिन मदद नहीं मिल सकी। ऐसे समय में समाजसेवी उदय कुमार पंडो ने सोशल मीडिया के माध्यम से सहयोग की अपील की। इसके बाद पंडो समाज, सर्व आदिवासी समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने आर्थिक सहयोग किया।
अभियान के जरिए कुल 67,900 रुपए जुटाए गए। इससे अरविंद की प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकी और डॉक्टर बनने का सपना साकार होने की राह आसान हुई। अरविंद ने इस सहयोग के लिए समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद वे गरीब, वंचित और विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों की सेवा करना चाहते हैं।


Share

Check Also

रायपुर@ नमूना सहायक से FSO पदोन्नति पर दीपक अग्रवाल से सीधा सवाल…प्रावधान है तो Rule 2.1.3 की पूरी पात्रता और प्रशिक्षण का परीक्षण दिखाइए?

Share दीपक अग्रवाल से सवाल….यदि नियम है तो दिखाइए और नमूना सहायक से FSO पदोन्नति …

Leave a Reply